भाजपा सत्ता में आई तो खतरे में होगा लोकतंत्र : डॉ. गोविन्द सिंह

नगर परिषद का जन संबाद कार्यक्रम आयोजित

भिण्ड, 28 अगस्त। नगर परिषद दबोह का जनसंवाद कार्यक्रम रविवार को आयोजित किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि मप्र विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष एवं लहार विधायक डॉ. गोविन्द सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि एवं अन्य अतिथियों के माल्यार्पण एवं स्वागत सत्कार से हुई।
मुख्य अतिथि डॉ. गोविन्द सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होना है, जिसमें कांग्रेस की सरकार बनना तय है। केन्द्र व राज्य में जब से भाजपा सरकार आई है, तब से लोकतंत्र को खत्म करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तो देश में लोकतंत्र को खतरा रहेगा। उन्होंने मंहगाई पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में जब कांग्रेस की सरकार थी तब डीजल, पेट्रोल व गैस के दाम कितने कम थे, आज भाजपा की केन्द्र सरकार ने इन प्राइवेट तेल कंपनियों से अपने हाथ खींच लिए, जिसका परिणाम आज गरीब जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कहते थे कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा पर आज वे प्राईवेट कंपनियों को बेचने में लगे हुए हैं।


डॉ. सिंह ने कहा कि आपकी मेहनत से दबोह नगर परिषद में कांग्रेस को बहुमत से भेजा है, इसका मैं बहुत-बहुत आभारी हूं। उन्होंने मंच से नगर पालिका प्रतिनिधि, कर्मचारीयो खुला संदेश देते हुए कहा कि जनता ने आप पर जो विश्वास जताया है उनके विश्वास पर खरे उतरना आपकी जिम्मेदारी है। नगर को विकास की मुख्य धारा से जोडऩा है। नप कर्मचारियों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि कर्मचारी पूरी ईमानदारी से काम करें, गरीब जनता की समस्याओं को सुनें एवं उनका निराकरण करें, अब किसी भी प्रकार भ्रष्टाचार सहन नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में मौजूद युवा कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव अनिरुद्ध प्रताप सिंह ने कहा कि भाजपा आज जो खाद्यान्न दे रही है वह कांग्रेस बहुत पहले से देती आ रही है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री ने खाद्यान्न के बैग पर अपनी फोटो लगा कर यह दर्शा रही है कि भाजपा गरीबों को खाद्यान्न दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन ने किसानों को खाद की बोरी सस्ती थी, लेकिन आज खाद की बोरी के भाव आसमान छू रहे हैं, प्रदेश में भाजपा सरकार बनी तो किसानों को खाद्य मिलना मुश्किल हो जाएगा।
इस अवसर पर दबोह नगर परिषद द्वारा क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों को स्मृति चिन्ह दिए। साथ ही बहार से आए मेहमानों को श्रीफल के साथ शॉल भेंट की। कार्यक्रम को संबोधित करने वालंो में प्रदेश महामंत्री शिवनारायण दुबे बल्लू बकील, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नप उपाध्यक्ष हाकिम चौधरी, पार्षद जगमोहन लला तेहरिया, ओपी सिंह कौरव प्रमुख हैं। मंच संचालन कांग्रेस के जिला प्रवक्ता राजाभैया पाल किया। इस दौरान कार्यालय प्रभारी राजेन्द्र खेमरिया, नप अध्यक्ष विमला नरेन्द्र दुधारिया सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षद सलमा बेगम एवं पूर्व पार्षद शेरे पठान के साथ-साथ नगर कांग्रेस के नेताओं में किशोरी पाराशर, कमलेश शर्मा फरदुआ, रामेश्वर दयाल कौरव, दशरथ कौरव, विजय सिंह कौरव, रामकुमार लहारिया, कैलाश कौरव, पुष्पेन्द्र यादव, रामाधार सराफ, नगर कांग्रेस के महामंत्री प्रदीप चौधरी, सनाउल्ला खान, रामलखन शर्मा, विकास दीक्षित, नरेन्द्र मिश्रा, इनायत खान, मकबूल पठान आदि लोग उपस्थित रहे।