चंबल बाढ़ पीडि़तों के उत्थान के लिए चार भागों में होंगे कार्य : सिंधिया

नुकसान का सर्वे कराएं, मुआवजा राशि का करें भुगतान, डेमेज हुई सड़क, बिजली अधोसंरचना के कार्यों को पूर्ण करें
केन्द्रीय मंत्री ने चौम्हो एवं तरसोखर में बाढ़ प्रभावितों से किया संवाद

भिण्ड, 28 अगस्त। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन एवं इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने चौम्हो एवं तरसोखर में बाढ़ प्रभावितों से कहा कि चंबल बाढ़ पीडि़तों के उत्थान व उनकी हर संभव मदद के लिए देश एवं प्रदेश सरकार आपके साथ इस मुश्किल की घड़ी में खड़ी है। उन्होंने कहा कि चंबल बाढ़ पीडि़तों के उत्थान व उनकी मदद के लिए प्रशासन चार भागों में काम करें। जिसके तहत पहले फेस में बाढ़ खत्म होते ही तत्काल सभी पीडि़तों के घर-मकान का जो नुकसान हुआ है, उनका सर्वे करके उन्हें राजस्व परिपत्र अधिनियम के तहत तत्काल राशि उपलब्ध कराएं, ताकि वे पुन: अपने मकान को रहने योग्य बना सकें। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया गत दिवस चौम्हों एवं तरसोखर में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को संबोधित कर कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश के राजस्व एवं परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, जल संसाधन, मत्स्य विकास मंत्री तुलसीराम सिलावट, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया, भिण्ड विधायक संजीव सिंह कुशवाह, देवेन्द्र सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष नाथूसिंह गुर्जर, डॉ. रमेश दुबे सहित अन्य जनप्रतिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।
आमजन को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि दूसरे भाग में बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को हुई पशु-पक्षी हानि, खेत कृषि की हानि सहित अन्य हुए नुकसान का उदारतापूर्वक सर्वे करके मुआवजा राशि का वितरण आरबीसी 6(4) के तहत किया जाए। तीसरे भाग में गांवों की सड़क, हैण्डपंप, बिजली की अधोसंरचनाओं के हुए नुकसान का सर्वे करके प्रस्ताव शासन को भेजें ताकि पर्याप्त राशि उपलब्ध कराके अधोसंरचना के कार्यों को कराया जा सके।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि हर गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तत्काल की जाए। पेयजल स्त्रोतों के पानी का शुद्धीकरण, ब्लीचिंग पाउडर, क्लोरीन की गोली घर-घर उपलब्ध कराएं। प्रभावित गांवों में स्वास्थ्य उपचार शिविर लगाएं। इसी तरह पशुओं के उपचार के लिए भी शिविर आयोजित कर पशुओं का उपचार एवं टीकाकरण की व्यवस्था की जाए। उन्होंने चौथे फेस में बाढ़ प्रभावित सभी गांवों के लोगों से चर्चा करके सदैव के लिए इस समस्या से मुक्ति दिलाने उनकी सहमति से उनका सुरक्षित स्थानों पर पुर्नवास कराएं।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान लगातार बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए प्रधानमंत्री को अवगत करा रहे हैं, बाढ़ पीडि़तों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्हें बेहतर से बेहतर स्थान पर पुर्नवास दिलाकर बाढ़ से निजात दिलाएंगे। इस दौरान राजस्व एवं परिवहन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत, नगरीय विकास एवं आवास राज्यमंत्री ओपीएस भदौरिया ने भी बाढ़ प्रभावित व्यक्तियों को संबोधित किया।