लहार नगर पालिका पर कांग्रेस का कब्जा, भाजपा मुक्त बनेगी परिषद

एक नगर पालिका एवं चार नगर परिषदों में कांग्रेस का कब्जा

भिण्ड, 17 जुलाई। लहार क्षेत्र की एक नगर पालिका एवं चार नगर परिषदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया है। जिनमें नगर पालिका लहार, नगर परिषद रौन, मिहोना, दबोह, आलमपुर पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहा। भारतीय जनता पार्टी लहार में सोनी की स्थिति में रही। कुल 15 वार्डों में से कांग्रेस के 14 पार्षद विजयी हुए एवं एक पार्षद निर्दलीय जीता। इस नगर पालिका में भारतीय जनता पार्टी खाता तक नहीं खुल पाया। इसका कारण लोगों को असमंजस में डाल रहा है।


नगरी निकाय चुनाव के बारे में नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक डॉ. गोविन्द सिंह ने एक प्रेस वार्ता के माध्यम से कहा कि यह नगर पालिका निकाय चुनाव तो सिर्फ ट्रेलर था, पूरी पिक्चर तो आगामी विधानसभा चुनाव में दिखाई जाएगी। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि शिवराज सिंह घोषणा वीर, लफ्फाजी मुख्यमंत्री बन गए हैं। उनकी कार्यशैली को अब प्रदेश की जनता समझ चुकी है और नगरीय चुनाव में भाजपा को ये परिणाम भी सामने दिख रहे है। उन्होंने बताया कि रौन से लेकर आलमपुर तक नगर पालिका और सभी नगर परिषदों में हमारा कब्जा कायम हुआ है और हम एक मत से अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष बनाएंगे। वहीं लहार में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी के नाम की पूछने पर उन्होंने बताया कि वार्ड क्र.12 की पार्षद कमलेश (अंडा वाले) की बहू श्रीमती मिथलेश दोहरे को बनाया जाएगा एवं उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान को ही फिर से बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि महापौर प्रत्याशियों में भी हमने बढ़त बनाई हुई है और हम सभी नगर निगमों में अपना परचम लहराएंगे।

लहार में यह बने पार्षद

जिले की लहार नगर पालिका में कांग्रेस का वर्चस्व रहा। इस बार जो पार्षद चुने गए उनमें वार्ड क्र.एक में केशव सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र.दो में अभिजीत यागिक निर्दलीय, वार्ड क्र.तीन में हारुन शेख कांग्रेस, वार्ड क्र.चार में अभिषेक कांग्रेस, वार्ड क्र.पांच में पुष्पलता कांग्रेस, वार्ड क्र.छह में गुलफ्सा निर्दलीय, वार्ड क्र.सात में गिरजा देवी कांग्रेस, वार्ड क्र.आठ में पूनम कांग्रेस, वार्ड क्र.नौ में कल्याण सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र.10 में रक्षा कांग्रेस, वार्ड क्र.11 में पूजा कांग्रेस, वार्ड क्र.12 में श्रीमती मिथलेश कांग्रेस, वार्ड क्र.13 में नरेश सिंह कांग्रेस, वार्ड क्र.14 में भगवान दास कांग्रेस, वार्ड क्र.15 में कु. राधा कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में विजयी घोषित किए गए हैं।