गंभीर हालत में ग्वालियर रैफर
भिण्ड, 05 अप्रैल। मेहगांव थाना क्षेत्रांतर्गत शांति नगर मेहगांव में घर के बाहर बैठे एक युवक को बदमाशों ने रंगदारी के चलते गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेहगांव ले जाकर भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। घटना मंगलवार शाम छह बजे की है। मेहगांव पुलिस जांच में जुट गई है।
घायल युवक आनंद शर्मा पुत्र प्रवेश शर्मा निवासी धमासा हाल ग्वालियर रोड शांति नगर मेहगांव के अनुसार वह शाम के समय अपने परिवार के साथ घर के बाहर कुर्सी पर बैठा था। वहीं अजनौधा निवासी धीरज जाटव नामक एक बदमाश अपने तीन अन्य साथियों के साथ गली में पिस्टल लहराते हुए आया। जिसको देखकर लोग भी भयभीत हो गए। धीरज जाटव सीधे आनंद शर्मा के पास बाइक से उतरकर गया और सामने से गोली मार दी। गोली सीधी माथे धस गई। घायल युवक की मां और पिता ने आरोपियों को पकडऩे की कोशिश की परंतु हथियार की नोक पर भागने में कामयाब हुआ। जिसके बाद घायल युवक को लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मेहगांव ले जाकर भर्ती कराया। जहां उसको प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर के लिए रेफर कर दिया। युवक ने जानकारी देते हुए बताया कि धीरज जाटव निवासी अजनौधा ने उसे अपने तीन साथियों के साथ गोली मारी है। घायल युवक आनंद शर्मा का तीन महीने पहले एक्सीडेंट हो गया था जिससे वह अपाहिज है।