मिलन का पर्व है होली यार रूठे मना लो तुम…

ग्राम डिड़ी में रंगोत्सव कवि सम्मेलन आयोजित

भिण्ड, 21 मार्च। मप्र लेखक संघ भिण्ड तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति डिड़ी के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम डिड़ी में रविवार को रंगोत्सव कवि सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला के मुख्य आतिथ्य तथा गजलकार किशोरीलाल बादल की अध्यक्षता में किया गया। मंच संचालन कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट आशुतोष शर्मा नंदू ने किया।
रंगोत्सव के दौरान कविता पाठ के साथ-साथ साहित्यिक, सामाजिक तथा जनसरोकार विसंगतियों पर सामाजिक कार्यकर्ताओ तथा बुद्धजीवियों ने अपने विचार रखे। डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला होली पर दोहे पढ़ते हुए कहा – गाल गुलाबी हो गए, हो गए आधार अबीर। जब से मौसम में घुला, फागुनमयी समीर।। नेताओं के दलबदल पर उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा- जब ये लगा कि अब की टिकट फिर न मिलेगा, नेता ने आधी रात को पाला बदल दिया।
किशोरीलाल बादल ने होली की रचना सुनाते हुए कहा – मिलन का पर्व है होली यार रूठे मना लो तुम। प्रेम से जीत हृदय को मिलन के गीत गा लो तुम।। गीतकार हेमंत जोशी नादान तथा कृष्णा शर्मा चिराग ने रचना पाठ किया। कार्यक्रम में संगठन के सक्रिय सदस्यों ने कौशल यादव, आकाश शर्मा, सौरव यादव, दीपक यादव, रवि श्रीवास, पिंटू यादव, अमन यादव, विशाल यादव, कौशलेन्द्र यादव, उपेन्द्र व्यास, राघव राठौर आदि लोग उपस्थित रहे। अंत में आभार सुरेन्द्र शर्मा ने व्यक्त किया।