जिले में शांति और सद्भाव से मनाई होली, नहीं हुआ हुड़दंग

भिण्ड, 19 मार्च। जिले में होली का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाया गया। इस मौके पर शहर में युवाओं की टोलियां शांति और सद्भाव के साथ होली खेलती दिखाई दीं। बच्चों ने गली-मुहल्लों में जमकर होली खेली।
पिछले साल कोरोना ने लोगों पर अंकुश लगा रखा था, लेकिन इस बार लोग होली का रंग उड़ाने घरों से बाहर निकले, वे घरों के बाहर या आस-पास अपने परिचितों को होली के रंगों से रंगते रहे। होली के त्यौहार पर मतवाले युवकों की टोली सड़कों पर निकलीं। हर मोहल्ला, गली, चौराहों पर डीजे पर डांस के साथ रंग बरसता रहा, होली की धूम रही। शहर की मुख्य सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बनी रही। लोग होली के रंगों में रंग नजर आए। गोल मार्केट, शास्त्री चौक, अटेर रोड, लहार चुंगी पर लोग घूम रहे थे। इन स्थानों पर पुलिस का पहरा भी लगा हुआ था। इसी तरह जिले के कस्बों में भी होली का त्योहार शांति पूर्वक मनाया गया। मेहगांव, गोहद, मालनपुर, गोरमी, अटेर, फूप, लहार, दबोह, मिहोना, रौन, आलमपुर में भी होली का त्योहार शांति एवं सद्भाव के साथ मनाया।

आलमपुर में शांति और भाईचारे के साथ मनी होली

आलमपुर कस्बे में होली का त्यौहार शांति और भाईचारे के साथ मनाया गया। होली के त्यौहार के दौरान आलमपुर कस्बे में कहीं कोई हुड़दंग मचता नजर नहीं आया। कस्बे के लोगों ने परम्परा गत तरीके से एक-दूसरे को रंग गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। होली के अवसर पर ज्ञान मन्दिर समिति द्वारा हरिहरेश्वर बड़ी माता मन्दिर पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जहां पर स्थानीय लोगों ने फागों का गायन कर होली उत्सव मनाया और गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। भाई दूज का त्यौहार कई लोगों ने शनिवार को मना लिया है और कई लोगों के यहां आज रविवार को मनाया जाएगा। कस्बे में शांति व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से आलमपुर थाना संजीव कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ लगातार कस्बे में भ्रमण कर स्थिती पर नजर रखे हुए थे। आलमपुर सहित समूचे अंचल में होली का त्यौहार शांति पूर्ण तरीके से मनाया गया।

पूर्व विधायक रसाल सिंह के निवास पर होली मिलन समारोह कल

लहार क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता व पूर्व विधायक रसाल सिंह के निज निवास मयूर वन नरिया रहावली उवारी में 21 मार्च को होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें लहार क्षेत्र के अनेक भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। होली मिलन समारोह सुबह 11 बजे से आरंभ होगा। विदित हो कि कोरोना के चलते पिछले दो वर्ष से होली मिलन समारोह स्थगित था। जिसे पुन: प्रारंभ किया गया है।

सुनारपुरा मे अंतर राज्यीय रंग (फाग) महोत्सव आज

मेहगांव विधानसभा के ग्राम पंचायत सुनारपुरा में अंतर राज्यीय रंग (फाग) महोत्सव का आयोजन 20 मार्च को किया जा रहा है। इस फाग महोत्सव कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए फाग गायक कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय फाग गायक अपने अनुपम लोक संगीत की छटा बिखेरेगे। जानकारी के अनुसार यह आयोजन कॉपरेटिव बैंक भिण्ड के पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह भदौरिया के भतीजे धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया (गुड्डू भैया) द्वारा कराया जा रहा है, जिसमें समस्त क्षेत्रवासियों से पहुंचने की अपील की गई है। गुड्डू भैया ने बताया कि होली रंगों का त्योहार है, आपसी भाईचारे एवं प्रेम मिलन का त्यौहार है, इसी के उपलक्ष्य में 20 मार्च को दोपहर 12 बजे से हमारे निज गांव सुनारपुरा में निज निवास पर रंग महोत्सव का आयोजन किया गया है। जिसमें आप सभी क्षेत्रवासी, गायक एवं श्रोता सादर आमंत्रित हैं।

डिड़ीखुर्द में रंगोत्सव कवि सम्मेलन आज

मप्र लेखक संघ भिण्ड तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम डिड़ीखुर्द में 20 मार्च रविवार को दोपहर 12 बजे से रंगारंग का उजास कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के आयोजक एडवोकेट आशुतोष शर्मा नंदू ने बताया कि होली मिलन समारोह का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कवि सम्मेलन, साहित्यिक चर्चा, सामाजिक विसंगतियों पर समाजसेवियों एवं विचारकों के विचार रखे जाएंगे, जिससे सामाजिक कुरीतियों पर लगाम लग सके। कवि सम्मेलन में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित डॉ. सुनील त्रिपाठी निराला, गजलकार किशोरीलाल बादल, गीतकार हेमंत जोशी नादान तथा गजलकार कृष्णा शर्मा चिराग सहित अन्य स्थानीय कवियों को भी आमंत्रित किया गया है।

गोहद में होली मिलन एवं सम्मान समारोह आज

प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन की ओर से 20 मार्च रविवार को सुबह नौ बजे नगर गोहद में होली मिलन व सम्मान समारोह का आयोजन हर्षण विद्या निकेतन एचाया रोड गोहद में धूमधाम से मनाया जाएगा। जिसकी भव्य तैयारियां संगठन द्वारा की जा चुकी हैं। समारोह में संगठन के प्रदेश, संभाग, जिला व समस्त विकास खण्ड के सभी स्कूल संचालक शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में पूर्व कार्यकारिणी सदस्यों का भी सम्मान भी किया जाएगा। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश कुशवाह, उपाध्यक्ष सुनील कुमार पाठक, सचिव शैलेन्द्र जैन, सह सचिव मनीष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजीव अग्रवाल, अनिल कुमार शर्मा, श्रीमती गीता कुशवाहा, धीरज शमा, ब्रजभूषण कुमार मिश्रा, रामाधार शर्मा, चंद्रभान सिंह राणा, राकेश गौड़ एवं संगठन के समस्त सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। कार्यकम के उपरांत संगठन द्वारा वात्सल्य भोज की व्यवस्था भी की गई है।