पंजाब में आप का प्रचण्ड बहुमत और कांग्रेसी कुशासन का हुआ अंत : विवेक शर्मा

भिण्ड, 11 मार्च। आम आदमी पार्टी वरिष्ठ नेता विवेक शर्मा ने बताया कि पंजाब में आम आदमी पार्टी की प्रचण्ड बहुमत से जो जीत है, वो आज देश के इतिहास में एक नए राजनीतिक युग का शुभारंभ है। लोग परंपरागत राजनीति से ऊब चुके थे, जनता बदलाव के मूड थी। यह जीत पंजाब में कांग्रेस के चल रहे कुशासन का अंत है। क्योंकि जनता की नजर में कांग्रेस, अकाली दोनों दल एक ही सिक्के के दो पहलू थे। इसीलिए नए विकल्प की तलाश थी। ऐसे में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की जोड़ी ने मिलकर जिस राजनीति की तैयारी की वह बेहद कारगर साबित हुई। इसमें कांग्रेस से लेकर अकाली बीजेपी सब उसकी सुनामी में बह गए।
विवेक शर्मा ने कहा कि पंजाब में आप की जीत में सबसे अहम है दिल्ली मॉडल, इसमें मुफ्त बिजली, अच्छी शिक्षा और बेहतर इलाज के साथ ईमानदार राजनीति देने की बात है। साथ ही पंजाब को नशामुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त बनाना तथा युवाओं को रोजगार देना प्रमुख हैं। सबसे कम समय में यह सियासी सफलता हासिल करने वाली आप 2024 लोकसभा चुनावों से पहले भारतीय सियासत में बड़ी ताकत के रूप में उभर आई है। करीब आठ साल पहले नई दिल्ली में कांग्रेस और भाजपा को करारी पटखनी देने वाली आम आदमी पार्टी ने अब पंजाब में दशकों पुराने सियासी दिग्गजों को धूल चटाकर भारतीय राजनीति में बड़े बदलाव की नींव रख दी है। दो राज्यों में सरकारों के साथ आम आदमी पार्टी अब देश की सबसे पुरानी पार्टी, कांग्रेस के बराबर आ खड़ी हुई है जिसकी राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकार है।
पंजाब में आप की प्रचण्ड बहुमत की जीत की खुशी में आप कार्यकर्ताओं ने मेहगांव में मिठाई बांट कर जश्न मनाया। इस जश्न अवसर पर विवेक शर्मा के साथ अनिल शर्मा, रामकुमार सुरवरिया, देवेन्द्र चौधरी, श्याम बहादुर दंडोतिया आदि लोग मौजूद रहे।