अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिला सम्मान समारोह आयोजित
भिण्ड, 08 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर मंगलवार को डीपीएमआई पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट भिण्ड एवं इंग्लिश गुरु नितिन दीक्षित द्वारा इटावा रोड पर स्थित डीपीएमआई पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट पर महिला सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में 11 महिलाओं का सम्मान किया गया। इस अवसर पर इंग्लिश गुरु नितिन दीक्षित, डीपीएमआई पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट के संचालक धर्मेन्द्र जैन, डॉ. धीरज जैन, एमपी जैन, डॉ. कृपाल सिंह, भरत बंसल एवं पत्रकार समूह उपस्थित रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां वीणा वादिनी की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन और माल्यार्पण कर किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएचई विभाग की जिला सलाहकार अधिकारी संगीता तोमर ने बताया कि महिलाओं के बिना इस दुनिया की कल्पना करना ही असंभव है, कई बार महिलाओं के पेशेवर जिंदगी में भेदभाव होता है। घर परिवार में भी कई दफा उन्हें समान हक नहीं मिल पाता, महिलाएं समाज का एक हिस्सा हैं, घर परिवार से सीमित रहने वाली महिलाएं अब चारदीवारी के बाहर निकल क्षेत्रों में भागीदारी निभाने लगी है। उन्होंने कहा कि डीपीएमआई पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट की यह अच्छी पहल है, जिन्होंने भारतीय संस्कृति को बनाए रखा और महिलाओं का सम्मान किया।
इसी क्रम में नितिन दीक्षित सर ने कहा के नारी की गरिमा और महत्वता को ऋग्वेद में विस्तार से बताया गया है कि स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। शिक्षा, साहित्य, राजनीति व विज्ञान के क्षेत्र में उन्होंने समाज और देश को हमेशा से मजबूत बनाने और सशक्त करने का काम किया है। धर्मेन्द्र जैन ने कहा कि महिलाएं पुरुषों के बराबर ही नहीं बल्कि उनसे कहीं आगे हैं, वैसे तो महिलाएं स्वयं काफी सशक्त हैं, लेकिन आज के इस कार्यक्रम से महिलाओं में और जागरुकता आएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति समाज में अच्छी सोच बनाने के लिए आवश्यक है कि महिलाओं की सफलता की कहानियों को जन-जन तक पहुंचाया जाए।