कलेक्टर ने फूफ में किया जल प्रदाय परियोजना के कार्यों का अवलोकन

भिण्ड, 04 फरवरी। कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मप्र अर्बन डेवलपमेंट कंपनी की चंबल इकाई अंतर्गत फूफ जल प्रदाय परियोजना के कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन लिया। उन्होंने क्लियर वाटर सम्प, क्लोरिन रूम, क्लोरिन डोसिंग टैंक एवं सीडबल्यू पंप हाउस का अवलोकन कर परियोजना के घटकों से संबंधित जानकारी ली।
सामुदायिक विकास अधिकारी सुश्री सोनिका शर्मा द्वारा परियोजना के घटकों से संबंधित जानकारी से अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि फूफ में एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से जल प्रदाय परियोजना का कार्य अंतिम चरण में है, फूफ में जल प्रदाय व्यवस्था का सफल परीक्षण भी जारी है। कलेक्टर द्वारा जल प्रदाय परियोजना कार्यों पर संतोष व्यक्त किया गया। इस दौरान एसडीएम भिण्ड-अटेर उदय सिंह सिकरवार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी फूफ हनुमंत सिंह भदौरिया, सामुदायिक विकास अधिकारी सुश्री सोनिका शर्मा, उपयंत्री दीपक कुमार एवं अनिल सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य केन्द्र की जमीन को देखा

कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने अटेर क्षेत्र के ग्राम क्यारीपुरा में स्वास्थ्य केन्द्र के लिए चिन्हित की गई जमीन की पर्याप्ता के संबंध में जानकारी प्राप्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।