गुरुयांची में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या

रात में खेत पर बनी मड़ैया में सो रहे पूर्व सरपंच को दो गोली मारी

भिण्ड, 30 जनवरी। मौ थाना क्षेत्र के ग्राम गुरियांची में पूर्व सरपंच की गोली मारकर हत्या का मामला प्रकाश में आया है। आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। घटना स्थल पर थाना प्रभारी एवं पुलिस बल ने पहुंचकर हत्यारों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम गुरियांची निवासी 72 वर्षीय पूर्व सरपंच कप्तान सिंह यादव पुत्र धनीराम यादव शनिवार की रात अपने खेत पर रखवाली के लिए गए हुए थे। देर रात वे खेत पर बनी मडैय़ा में सो गए। इसके बाद किसी अज्ञात बदमाश ने उनको गोली मार दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पूर्व सरपंच की हत्या की खबर मिलते ही मौ थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक दल मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया। पुलिस पूरे वारदात की तहकीकात में जुट गई।
पूर्व सरपंच खेत पर से रोजाना सुबह सात से आठ बजे के बीच तक अपने घर आ जाते थे। लेकिन रविवार की सुबह जब वह घर वापस घर नहीं पहुंचे तो उनका छोटा लड़का अरविंद खेत पर पहुंचा। उसने देखा कि उसके पिता चारपाई पर अचेत अवस्था में पड़े हैं और उनको गोली लगी हुई है। इसके बाद मौ थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को प्रारंभिक जांच में बदमाशों और मृतक के बीच कोई संघर्ष का निशान नहीं मिला। पूर्व सरपंच के दो गोली मारी गई। एक गोली सिर में लगी दूसरे पीछे पीठ की ओर पसलियों में मारी। पुलिस को मौके पर एक कारतूस का खोखा मिला। पुलिस ने मृतक के बेटे अरविंद और सत्यवीर से बातचीत की है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि पूर्व सरपंच का किसी से कोई विवाद नहीं है। वे गांव की राजनीति में भी ज्यादा दखल नहीं रख रहे थे। अब पुलिस हत्या की वजह जानने में जुटी हुई है।