खेल को प्रतियोगिता नहीं समझें बल्कि आनंद उठाएं : कलेक्टर

जिला स्तरीय आनंद उत्सव का हुआ आयोजन

भिण्ड, 27 जनवरी। कलेक्टर के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय आनंद उत्सव का आयोजन एमजेएस महाविद्यालय खेल मैदान में किया गया। जिला स्तरीय आनंद उत्सव कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया इसमें छात्र-छात्राओं सहित कई पुरुषों और महिलाओं ने भी भाग लिया। इस दौरान एडीएम प्रवीण फुलपगारे, सीईओ जिला पंचायत जेके जैन, डिप्टी कमांडेंट सहित अन्य अधिकारी, समाज सेवी, उपस्थित रहे।
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने छात्र-छात्राओं को खेलों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने खेलों को जीवन का अंग बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल को प्रतियोगिता नहीं समझें बल्कि खेल का आनंद उठाएं। हमें हर चीज में आनंद ढूंढना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान जिला आनंद संस्थान द्वारा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, जिसमें कबड्डी प्रतियोगिता, रस्साकसी, लंगड़ी दौड़, बोरा दौड़, खो-खो, लंबी कूद, ऊंची कूद सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित कराई गई, जिसमें छात्र छात्राओं सहित पुरुषों और महिलाओं ने उत्साह पूर्वक भाग लिया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में अव्वल विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए।