विवेकानंद जैसी शक्ति हर युवा में है : प्रो. शर्मा

-हम फाउंडेशन ने मनाई स्वामी विवेकानंद की जयंती

भिण्ड, 12 जनवरी। हम फाउंडेशन सिटी एवं विवेकानंद शाखा द्वारा स्थानीय गांधीनगर में आयोजित सपनों का भारत विषय पर एक दिवसीय युवा सशक्तिकरण अभियान का शुभारंभ हुआ।
राष्ट्रीय युवा दिवस और स्वामी विवेकानंद की जयंती पर युवाओं के लिए आयोजित इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हम फाउंडेशन के प्रदेश कार्यशाला संयोजक प्रो. रामानंद शर्मा ने कहा कि विवेकानंद जैसी शक्ति हर युवा में है परंतु उसे दिशा और मार्गदर्शन की आवश्यकता है। मानव अपने चरित्र के बल से ही जीवन में सच्चा सुख, शांति, समृद्धि को प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी ने वेदांत और योग पर भारतीय दर्शन से पश्चिमी दुनिया का परचम लहराया। उन्होंने कहा कि विवेकानंद जी ने युवाओं को जागृत करने का विशेष काम किया। इस अवसर पर प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेष सक्सेना ने बताया कि विवेकानंद जी ने कहा था कि युवा अपने शरीर को स्वस्थ और अपनी ऊर्जा को क़ायम रखे साथ ही भटकाव से बचने के लिए अच्छा इंसान बनने की शिक्षा ले भगवान ने हमें अपना भाग्य बनाने की कलम दी है जिसका हम सभी को सही उपयोग करना चाहिए।
इस अवसर पर सिटी शाखा अध्यक्ष अरविंद सिंह भदौरिया ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने युवा जगत को नई राह दिखाई। जिसका भारतीय जनमानस पर जबरदस्त असर हुआ और आगे भी युगों-युगों तक इसका प्रभाव रहेगा। इस अवसर पर संतोष नरवरिया ने कहा कि युवा राष्ट्र निर्माण और राष्ट्र की शक्ति है। देश के युवाओं को विवेकानंद जी के विचारों पर चलना चाहिए। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान गाकर किया गया। इस अवसर पर हम फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली, विवेकानंद शाखा के अध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव अजीत उपाध्याय, सत्यम सिंह, अर्पित शर्मा, मोनू शर्मा, बेटू शर्मा, स्पर्श सक्सेना और कनक सक्सेना आदि उपस्थित थी।