सक्रिय सदस्यता के लिए कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर 100 प्राथमिक सदस्य बनाए : पटेल

– सदस्यता अभियान के लक्ष्य को कार्यकर्ता 15 अक्टूबर तक पूर्ण करें: नरवरिया
– भाजपा की मजबूती के लिए हर परिवार भाजपा की सदस्यता से जुडे : राजौरिया
– सक्रिय सदस्यता समीक्षा की कार्यशाला को लेकर भाजपा की बैठक आयोजित

भिण्ड, 13 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों अनुसार चलाए जा रहे वर्ष 2024 संगठन पर सदस्यता अभियान के जिले के लक्ष्य को लेकर समीक्षा बैठक पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित की गई। जिसमें 16 अक्टूबर से चलने वाले सक्रिय सदस्यता के अभियान को लेकर चर्चा की गई। जिसमें मुख्य अतिथि भाजपा पिछडा वर्ग मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिले के सक्रिय सदस्यता समीक्षा अभियान की समीक्षा के साथ बैठक में प्राथमिक सदस्यता के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए आग्रह के साथ कार्यकर्ताओं को जागृत किया गया।
भाजपा पिछडा वर्ग मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिले के सक्रिय सदस्यता समीक्षा के जिला संयोजक हमीर पटेल ने कहा कि जिले के 26 मंडल एवं पांच विधानसभा के 1470 बूथ केन्द्रों पर सदस्यता अभियान को 15 अक्टूबर तक पूर्ण करें, उसके बाद सक्रिय सदस्यता का अभियान प्रारंभ होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है, संगठन का परिवार कैसे बढे इसके लिए यह सदस्यता अभियान अति महत्वपूर्ण है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि सक्रिय सदस्यता की जिला स्तरीय कार्यशाला 16 अक्टूबर को शहर के आर्य नगर स्थित वीरांगना अवंतीबाई छात्रावास परिसर में दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रदेश नेतृत्व से निर्धारित अपेक्षित श्रेणी के पदाधिकारी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में प्राथमिक सदस्य दो लाख 22 हजार से अधिक बन चुके हैं कार्यकर्ता 15 अक्टूबर तक प्राथमिक सदस्यता के लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए अपनी जिम्मेदारी का निर्वाह करें।
भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला संगठन प्रभारी जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि सक्रिय सदस्यता का अभियान 16 अक्टूबर से प्रारंभ होगा जो प्रत्येक बूथ पर 100 सदस्य बनाएंगे वही सक्रिय सदस्यता की श्रेणी में आएंगे। अगर हमें मंडल और जिले में पदाधिकारी बना है इसके लिए कार्यकर्ता 100 सदस्य बनाकर सक्रिय सदस्यता के लक्ष्य को आगे बढाने में अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। संचालन जिला महामंत्री मनोज अनंत ने किया।
बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अवधेश सिंह कुशवाह एडवोकेट, मायाराम शर्मा एडवोकेट, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक डॉ. रमेश दुबे, जिला उपाध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान टोली के सदस्य पूर्व मण्डी अध्यक्ष सज्जन सिंह यादव, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह कुशवाह एडवोकेट, अजा मोर्चा के जिलाध्यक्ष पिंकी सागर, जिलामंत्री बजरंग सिंह भदौरिया, रोहित शाक्य, मोनू नरवरिया प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित थे।