हर परिस्थिति में शालीनता का दें परिचय : बांगरे

– हिमांशु कॉन्वेंट स्कूल दबोह में हर्षोल्लास से मनी जन्माष्टमी

भिण्ड, 26 अगस्त। दबोह नगर में संचालित हिमांशु कॉन्वेंट विद्यालय में सोमवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई गई। सर्वप्रथम विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी लहार एवं नायाब तहसीलदार दबोह द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के छायाचित्र एवं लड्डू गोपाल की प्रतिमा का धूप दीप नैवेद्य के साथ संपूर्ण विधि विधान से मंत्रोच्चारण सहित पूजन किया गया, इसके बाद विद्यालय के सभी स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं का तिलक किया गया।

तत्पश्चात विकास खण्ड शिक्षा अधिकारी लहार रविन्द्र कुमार बागरे ने छात्र-छात्राओं को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जन्माष्टमी पर हम सभी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मदिन को मनाते है, भगवान श्रीकृष्ण का जन्म कारागार में हुआ था, भगवान के जीवन से हम सभी को बहुत कुछ सीखने को मिलता है। गीता द्वारा भगवान ने हमे धर्म-कर्म के बारे में भी बताया है। जिससे हमें सीखने को मिलता है कि कोई कर्म धर्म के अनुसार किया जाए, तो उसमें सफलता निश्चित होती है। वहीं भगवान ने यह भी कहा है कि जीवन मे हमे सफलता मिले या अससफलता, हार हो या जीत हो दोनों परिस्थितियों में हमे समान भाव रखना चाहिए, जीतने पर अत्यधिक उत्तेजित होकर खुश नहीं होना है और हारने पर अत्यधिक मायूश होकर नहीं बैठना है। हमें हर परिस्थिति में शालीन स्वभाव का परिचय देना है। आप भगवान के किसी भी रूप जैसे श्रीराम या फिर श्रीकृष्ण के जीवनशैली पर गौर करके देखना आपको दोनों रूपों की जीवनियों में भगवान का स्वभाव में शालीनता ही मिलेगी एवं हमेशा कुछ न कुछ अच्छा सीखने को मिलेगा, जिससे आप सदैव आंगे बढते रहेंगे।
वहीं नायाब तहसीलदार रमाशंकर शर्मा ने सभी छात्र-छात्राओं को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण नटखट के साथ एक सच्चे गौ सेवक भी है, वह हमेशा से ही गऊ माताओं को अटूट प्रेम करते रहे हैं। इसलिए उनसे हमें यह भी सीखने को मिलता है कि हम सबको गऊ सेवा भी करना चाहिए, आज से आप भी संकल्पित हो जाओ कि हमें भी गऊओं की सेवा करनी है। इस दौरान शिक्षक अरविन्द कौरव और विद्यालय संचालक अनिरुद्ध मुदगिल ने भी भगवान श्रीकृष्ण के बारे में बच्चों को विस्तार से जानकारी दी तदुपरांत बच्चों में प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी दबोह के मण्डल अध्यक्ष देवेन्द्र उपाध्याय, रामसिंह पटवारी, शिक्षक अवधकिशोर खेमरिया, विद्यालय परिवार सहित अन्य विद्यालयों के शिक्षक भी उपस्थित रहे।
स्वयंप्रभा विद्यालय में मना जन्मोत्सव
नगर के अशासकीय स्वयंप्रभा विद्यालय में धूमधाम से श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। इस पावन पर्व पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने छात्र-छात्राओं ने मनमोहक झांकी सजाई गई और भगवान श्रीकृष्ण की भेषभूषा में नजर आए। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य शैलेश कुरचानिया अपने समस्त स्टाफ के साथ उपस्थित रहे।