गौवंश के सडकों पर विचरण की समस्या निवारण के संबंध में बैठक आयोजित

भिण्ड, 23 अगस्त। गौवंश के सडकों पर विचरण की समस्या के निवारण एवं गौवंश के समुचित रख-रखाव हेतु कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में आयोजित की गई। जिसमें अपर कलेक्टर लक्ष्मीकांत पाण्डेय, एसडीएम, समस्त सीईओ जनपद, सीएमओ सहित अन्य अधिकारी, गौसेवा समिति सदस्य एवं सामाजिक संगठन उपस्थित रहे।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने कहा कि पशुओं के सडकों पर विचरण के कारण कई सडक दुर्घटनाएं होती हैं। जिसमें मानव जीवन के साथ-साथ पशुधन की भी हानि होती है। इस समस्या के निराकरण के लिए अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। सडकों पर विचरण करने वाले गौवंश को नजदीकी गौशालाओं में भेजने की कार्रवाई की जाए। नगरीय क्षेत्रों, ग्रामीण क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों से पशुओं को हटाने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने जिले में संचालित गौशालाओं के संबंध में जानकारी ली एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशानुसार सभी कार्रवाईयां पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौवंश के सडकों पर विचरण की समस्या के निवारण एवं गौवंश के समुचित रख-रखाव के संबंध में गौ सेवकों से भी सुझाव लिए।