रूरई-हेतमपुरा के बीच बनी सडक दलदल में तब्दील आवागमन ठप

भिण्ड, 18 अगस्त। लहार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रूरई से हेतमपुरा जाने वाली कच्ची सडक बरसात के कारण दलदल में तब्दील हो गई है। जिससे रूरई-हेतमपुरा मार्ग पर दो पहिया व चार पहिया वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद हो गया है। दलदल में तब्दील सडक से अब लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। सडक की दयनीय हालत की ओर न तो जनप्रतिनिधि ध्यान दे रहे और न ही प्रशासनिक अधिकारी इस ओर अपना ध्यान आकर्षित कर रहे हैं। मजबूरन ग्रामीण लोगों को परेशानी झेलना पड रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कि ग्राम रूरई और हेतमपुरा के बीच स्थित सडक की हालत कई वर्षों से खराब बनी हुई है। कई वर्षों पहले इस कच्ची सडक पर गिट्टी-मुरम बिछाई गई थी। जिसका वर्तमान समय में पूरी तरह से अस्तित्व खत्म हो चुका है। कच्ची सडक पर काफी लम्बे-चौडे गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बरसात का पानी भरा हुआ है। वर्तमान समय में सडक की हालत दलदल जैसी बनी हुई है। इस कच्ची सडक पर न तो कोई वाहन निकल पा रहे है और न ही पैदल चलने वाले राहगीर निकल पा रहे हैं। यदि रूरई की ओर से लोगों को असवार या फिर सेवढ़ा जाना है तो उन्हें कांक्सी, चोरई होते हुए करीब 15 से 20 किलो मीटर का चक्कर लगाकर जाना पड रहा है। जिससे लोगों का अतिरिक्त पैसा और समय दोनों बर्बाद हो रहा है। ग्राम रूरई एवं हेतमपुरा के अनेक लोगों का कहना है कि शासन-प्रशासन एवं जन प्रतिनिधियों की अनदेखी के चलते आज ग्रामीणजन सडक की समस्या से बेहद परेशान है। लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।