कपडे की थैली को सहेली बनाएं, हाट-मेला जाएं तो कपडे का थैला ले जाएं : प्रो. अली

एनएसएस शिविर के तीसरे दिन हैवदपुरा से बस स्टैण्ड तक निकाली पर्यावरण जागरूकता रैली

भिण्ड, 25 दिसम्बर। हैवदपुरा गायत्री डीएड कालेज में चल रहे शिविर के तीसरे दिन बौद्धिक सत्र में पर्यवारण संरक्षण और जैविक खेती पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। मुख्य अतिथि प्रो. इकबाल अली ने पर्यावरण संरक्षण पर छात्रों की प्रस्तुति देखने के बाद अपने उद्वोधन में कहा कि पर्यवारण गीत, पर्यावरण नृत्य के माध्यम से भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा सकता है। इसके लिए किसी पद, प्रतिष्ठा या ओहदे की जरूरत नहीं। कार्यक्रम में प्रो. इकबाल अली, पवन शर्मा, संजीव जैन, ललित यादव, प्रदीप यादव, भूपेन्द्र कुशवाह, मधु तोमर, शिवकुमार यादव मंचासीन रहे।
उन्होंने कहा कि अगर हम ईमानदारी के साथ कोई आदर्श नागरिक होने का दायित्व निभाते हैं, जागरूक इंसान बनकर काम करते है, तो अपने हर कार्य से संदेश दे सकते है। पर्यावरण बचाने के लिए एक नारा चला था- थैली छोडो- थैला पकडो। आज हमें शर्म नहीं आती, दूध भी थैली में लाते हैं। हमें खुद से प्रयास करना पडेगा तभी परिवर्तन आएगा।
जैविक खेती पर विशिष्ट अतिथि कृषि विशेषज्ञ पवन शर्मा ने कहा कि उत्पादान बढाने के चक्कर में हम अनाप शनाप तरीके से उर्वरक खादों, यूरिया, डीएपी, केमिकल्स आदि का प्रयोग कर रहे हैं, जिससे मिट्टी की उर्वरता खत्म होती जाती है, मिट्टी अन उपजाऊ, बंजर बन जाती है। इन फसलों के उपयोग से कई प्रकार की शारीरिक बीमारियां हो जाती है। उन्होंने बताया कि खादों का प्रयोग करने से पहले हम मिट्टी परीक्षण करवाएं कि कितने खाद की जरूरत है उसमे कितना पोषक तत्व उपलब्ध है, उसी आधार पर खादों का प्रयोग करना चाहिए।
बौद्धिक सत्र में छात्रा अंशिका मिश्रा ने पर्यावरण गीत प्रस्तुत किया। वहीं काजल, करिश्मा और संध्या द्वारा पर्यवारण संरक्षण पर नृत्य द्वारा प्रस्तुति दी तथा साक्षी और भूमि द्वारा मेरी माटी मेरा देश, वसुधा का संबर्धन-वीरों का अभिनंदन पर खूबसूरत नृत्य प्रस्तुति दी गई। रश्मि वर्मा और सोनू बघेल ने पर्यवारण पर विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन युवराज श्रीवास ने एवं स्वागत भाषण और आभार शिविर संचालक रासेयो प्रभारी डॉ. धीरज सिंह गुर्जर ने किया। प्रात:कालीन सत्र में डॉ. मनोज जैन ने योगा करवाया। ताईक्वाण्डो कोच जावेद खान द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस, मार्शल आर्ट, ताईक्वाण्डो का डेमो दिया गया, जिसमे छात्रा मान्या, आराध्या, आस्था और रिधिका ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेई की जयंती पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदण्डों के निर्वहन करने की शपथ ली गई।