तोमर को विधानसभा अध्यक्ष, शुक्ला एवं देवडा को उपमुख्यमंत्री का नेतृत्व देने से 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मिलेगी ताकत
भाजपा कार्यकर्ताओं ने परेड चौराहे पर मिठाई बांटकर मनाया जश्न
भिण्ड, 11 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी विधायक दल की बैठक भोपाल के प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई, जिसमें मप्र विधानसभा के नेतृत्व के लिए केन्द्रीय संगठन द्वारा तय किए गए उज्जैन विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. मोहन यादव को विधायक दल का नेता चुने जाने पर शहर के परेड चौराहे पर भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया के नेतृत्व में सैकडों कार्यकर्ताओं ने मिष्ठान वितरण कर एवं आतिशबाजी चला कर जशन मनाया। सभी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को तथा शहर से गुजरने वाली जनता का अपने हाथों से मुंह मीठा किया।
जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में विचारधारा के भाव से काम करने वाले व्यक्ति को जिम्मेदारी मिलती है, डॉ. मोहन यादव योग्य, शिक्षित और संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं, जिन्हें विधायक दल ने प्रदेश का मुख्यमंत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष के रूप में नरेन्द्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री के रूप में राजेन्द्र शुक्ला एवं जगदीश देवडा को चुना है। डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिलने पर पिछडा वर्ग समाज को गति प्रदान होगी, उनके नेतृत्व में सत्ता और संगठन को मजबूती मिलेगी। वे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर गरीब कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से काम करेंगे। मप्र में प्रचण्ड जीत मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की महत्वपूर्ण योजना महिला सशक्तिकरण के लिए बनाई गई लाडली बहनों को अधिक शक्ति प्रदान होगी, हर व्यक्ति का विकास गरीब मजदूर और किसान भाजपा सरकार की योजनाओं से गौरवान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनने के लिए मिशन 2024 लोकसभा चुनाव में भी प्रत्येक बूथ केन्द्र पर भाजपा की ताकत सुनामी में बदलेगी।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष उपेन्द्र राजौरिया एवं बजरंग सिंह भदौरिय, जिला महामंत्री मनोज अनंत, किसान मोर्चा के जिला महामंत्री धर्मेन्द्र सिंह राजावत, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष विक्रांत सिंह कुशवाह एडवोकेट, जिला महामंत्री अतिराज सिंह नरवरिया, सुभाष मण्डल के अध्यक्ष प्रदीप सिंह भदौरिया टीपू, किसान मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष शालू भदौरिय, पार्षदगण ओमप्रकाश अग्रवाल बाबूजी, वीरेन्द्र कौशल, मनोज जैन, शेखर खटीक, किसान मोर्चा के मण्डल अध्यक्ष आशीष त्रिपाठी, आशीष कांकर, आशीष जैन, आशीष मिश्रा, अमित यादव आदि लोग मौजूद थे।