रावण वध कर श्रीराम ने की बुराई पर अच्छाई की जीत, लौटे अयोध्या

भिण्ड, 28 नवम्बर। मालनपुर में एसबीआई बैंक वाली गली में स्थित ब्रज पब्लिक स्कूल के खेल मैदान में हो रही दस दिवसीय रामलीला में सोमवार रात्रि प्रभु श्रीराम ने रावण का वध कर बुराई पर अच्छाई की जीत की और पुन: अयोध्या लौट कर आए। रामलीला के अंतिम दिन कुंभकरण की बात की खबर सुनते ही लंका पति रावण परेशान हो जाता है, उसके बाद अपने छोटे भ्राता अहिरावण को युद्ध में भेज देता है, अहिरावण भगवान श्रीराम और लक्ष्मण का हरण कर लेता है, इसके बाद हनुमान जी अहिरावण का वध कर देते हैं। हनुमानजी पाताल लोक से राम और लक्ष्मण को वापस लाते हैं, खबर सुनकर रावण स्वयं युद्ध भूमि में उतर जाता है, श्रीराम और रावण के बीच भयानक युद्ध होता है। भगवान श्रीराम बार-बार रावण के सिर को अलग कर देते हैं, इससे सेना भी चिंतित हो जाती है, तब जाकर विभीषण के बताने पर श्रीराम रावण की नाभि में तीर मारते हैं, इससे रावण का वध हो जाता है, फिर श्रीराम विभीषण का राज्याभिषेक कर लंका का राजा बना देते हैं। विभीषण का राज्याभिषेक करने के बाद प्रभु श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या आ जाते हैं तो पंडाल में जश्न का माहौल बन जाता है।
इस मौके पर ब्रज पब्लिक स्कूल संचालक मनोज शर्मा, रामकृष्ण कला मण्डल के संचालक कृष्णमुरारी मिश्रा, अध्यक्ष सुरेन्द्र कांकर, रामबाबू शर्मा, उदयभान पाराशर, सरनाम शर्मा, डॉ. धर्मवीर शर्मा, कमलेश शर्मा, कमलेश गोस्वामी आदि उपस्थित रहे।