भिण्ड, 24 नवम्बर। महामण्डलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ सरकार की अध्यक्षता में संचालित मां सरस्वती सामाजिक एवं धार्मिक रामलीला कला मण्डल मेहगांव द्वारा नगर में आयोजित कराई जा रही रामलीला में शुक्रवार को राम वनवास की लीला का भव्य मंचन किया गया। रामलीला का शुभारंभ अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा सनातन के प्रदेश अध्यक्ष नाथूराम शर्मा चुरारिया ने गणेशजी की आरती के साथ किया।
रामलीला में राजा दशरथ ने राम को युवराज बनाने की घोषणा की तो अयोध्या में नर-नारी सभी को बडी प्रसन्नता हुई कि हमारे राम राजा बनेंगे। तब ऋषि मुनियों ने मां सरस्वती की आराधना की कि अगर राम राजा बन गए तो दुराचारियों, राक्षसों और अत्याचारियों का विनाश कैसे होगा। मां सरस्वती ने मंथरा की मति फेरी और महारानी कैकई को मंथरा ने समझाया कि महारानी अगर राम युवराज बन गए तो आपकी दासी बनकर रहना पडेगा, तब मंथरा ने महारानी कैकेई को अपने दोनों वरदान महाराज दशरथ से मांगने को कहा कि भरत को अयोध्या का राजा बनाया जाए और राम को 14 वर्ष का वनवास। राजा दशरथ त्रिया चरित्र के जाल में फंसकर भगवान राम को 14 वर्ष का वनवास देना पडा। कलाकारों द्वारा रामलीला का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसे देखने के लिए नगर के लोगों में अलग ही उत्सुकता है।