कांग्रेस दलित विरोधी, गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी : मायावती

बसपा सुप्रीमो ने लहार में प्रत्याशी रसाल सिंह के समर्थन में की चुनावी सभा

भिण्ड, 10 नवम्बर। लहार विधानसभा क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी रसाल सिंह के समर्थन में बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने शुक्रवार को भाटनताल मैदान लहार में विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
जनसभा में मायावती ने कांग्रेस को दलित विरोधी और गरीबों का शोषण करने वाली पार्टी बताते हुए भाजपा को भी आडे हाथ लिया है। विशेषकर कांग्रेस को घेरते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक मध्य प्रदेश और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार रही। उन्होंने भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न नहीं दिया। जब बीपी सिंह कीसरकार बनी, तब बाबा साहब भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से नवाजा गया। उन्होंने जातीय जनगणना के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कांग्रेस जब सरकार में थी तो उन्होंने क्यों इसे लागू नहीं किया। उन्होंने दलित वर्ग और अन्य गरीब शोषित लोगों को इंगित करते हुए कहा कि आपको लुभाने के लिए कई तरह के हथकण्डे अपनाए जाएंगे, लेकिन आपको झांसे में नहीं आना है।