भिण्ड, 29 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा रविवार को आलमपुर नगर में पथ संचलन निकाला गया। जिसमें एक सैकडा से अधिक स्वयं सेवक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले स्वयं सेवक स्थानीय कृषि उपज मण्डी प्रांगण में एकत्रित हुए इसके बाद सामूहिक समता के भाव को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से जय घोष के साथ पथ संचलन प्रारंभ हुआ। जो कॉलेज तिरहा, खोडन मोहल्ला, छोटी माता मन्दिर, महाजन घटिया, पुरोहित मोहल्ला, चौधरी हाल, छेदी मन्दिर, मस्जिद गली, बस स्टेण्ड, विजय मंच, तिवारी गली, पुरानी नगर पंचायत, थाने के पीछे बाली गली, देभई चौराहे होते हुए वापस कृषि उपज मण्डी प्रांगण में पहुंचा जहां पर समापन हुआ।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पथ संचलन निकलने के दौरान आलमपुर नगर के लोगों ने कई जगह स्वयं सेवकों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। तो वहीं संघ शक्ति का प्रदर्शन और पंथ संचलन देखने के लिए अनेक स्थानों पर सडक किनारे लोगों की भीड लगी दिखाई दे रही थी। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह लहार लोकेन्द्र सिंह चौहान, विभाग संघ चालक मुरैना नवल सिंह भदौरया, खण्ड संघ चालक शिवनारायण गुप्ता सहित पथ संचलन में एक सैकडा से अधिक स्वयं सेवक शामिल थे। पथ संचलन निकलने के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से स्थानीय पुलिस थाने के पुलिस अधिकारी व जबान संचलन के आगे पीछे चल रहे थे।
सर्वविदित है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना 27 सितंबर 1925 विजयी दशमीं के दिन नागपुर में हुई थी। संघ का लगातार विस्तार होता गया और आज संघ विश्व का सबसे बडा संगठन बन चुका है। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में ही संघ द्वारा दशहरा के अवसर पर पथ संचलन निकाला जाता है।