आलमपुर में भाजपा के चुनावी कार्यालय का हुआ उदघाटन
भिण्ड, 20 अक्टूबर। आलमपुर कस्बे में गुरुवार को कानूनगो पैलेस में भाजपा के चुनावी कार्यालय का उदघाटन हुआ। जिसमें लहार विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरे भाजपा प्रत्याशी अम्बरीश शर्मा (गुड्डू) सहित पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेतागण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
भारतीय जनता पार्टी से टिकिट मिलने के बाद पहली बार आलमपुर पहुंचे अम्बरीश शर्मा ने कार्यालय उदघाटन के पूर्व आलमपुर कस्बे में स्थित प्राचीन कामांक्षा देवी मन्दिर पर पूजा अर्चना कर खोडन मोहल्ला, पुरानी नगर पंचायत, लहारिया मोहल्ला, तिवारी मोहल्ला, पुरानी मस्जिद, मुख्य बाजार, विजय मंच, बस स्टेण्ड इत्यादि जगह मतदाताओं से जनसंपर्क किया। इस दौरान कई जगह कस्बे के लोगों ने उन्हें पुष्प मालाएं पहनकर स्वागत किया। इसके पश्चात कानूनगो पैलेस में भाजपा कार्यालय का उदघाटन हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत उपाध्यक्ष नंदराम बघेल मौजूद रहे। जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कस्बे के वयोवृद्ध भाजपा नेता निहाल सिंह कौरव ने की।
इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी अम्बरीश शर्मा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप लोग लहार में भाजपा को जिताकर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने में मददगार बनें। आप लोग एक बार लहार में भाजपा को जिताएं। मैं लहार क्षेत्र में विकास की एक नई इबारत लिख दूंगा। भाजपा कार्यालय के उदघाटन के अवसर पर लहार विधानसभा क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेतागण सहित आलमपुर के भाजपाई मौजूद थे। भाजपा प्रत्याशी अम्बरीश शर्मा ने गुरुवार को आलमपुर क्षेत्र के बिडरा, भडेरी सहित अन्य गावों में पहुंचकर मतदाताओं से जनसंपर्क किया।