प्रधानमंत्री मोदी की गरीब कल्याणकारी योजनाओं से भारत बना आत्मनिर्भर : संध्या राय
प्रधानमंत्री मोदी की नौ वर्ष की उपलब्धियों को लेकर सांसद राय और पूर्व विधायक मुन्नासिंह भदौरिया ने अटेर विधानसभा क्षेत्र में किया जनसंपर्क
भिण्ड, 23 जून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष के काल की उपलब्धियों को लेकर चलाए जा रहे महा जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं क्षेत्रीय सांसद संध्या राय, अटेर के पूर्व विधायक मुन्नासिंह भदौरिया ने निर्धारित जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत अटेर विधानसभा क्षेत्र के एक दर्जन गांव में भ्रमण कर संपर्क से समर्थन के लिए परिवारों के बीच पहुंचकर केन्द्र सरकार का साहित्य एवं पुस्तक भेंट करते हुए मिस कॉल कराकर पार्टी के लिए समर्थन मांगा।
महा जनसंपर्क अभियान के तहत सांसद संध्या राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजदूर किसानों को आत्मनिर्भर की दिशा से जोड़ा गया है। जितनी योजनाएं मोदी के नेतृत्व में बनीं, उतनी योजनाएं कांग्रेस की सरकारों में नहीं बनीं। भाजपा विकास की दिशा में अनेकों योजनाओं को संचालित कर रही है। महिलाओं के लिए नि:शुल्क गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत कार्ड योजना, किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, राष्ट्रीय फसल बीमा योजना तथा मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हर समाज की महिलाओं को एक हजार रुपए लाडली बहना योजना के माध्यम से उनके खाते में डाली गई है। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले में दो लाख 71 हजार महिलाओं के फार्म भरे थे, जिसमें दो लाख 58 हजार से अधिक बहनों के खातों में राशि पहुंचाई गई है। यह हमारी महिला हितैषी सरकार है। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान योजना नाम पर कांग्रेस किस आधार पर महिलाओं से फार्म भरा रही है, क्योंकि वह सत्ता में नहीं है, उन्हें महिलाओं से फार्म भर आने का कोई अधिकार नहीं। मिशन 2023 विधानसभा, 2024 लोकसभा चुनाव में भाजपा को अपना आशीर्वाद देकर प्रदेश में विकास के लिए सरकार बनाकर अपने अटेर को विकास की मुख्यधारा से जोड़ें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार में जितने विकास हुए, उतने कभी कांग्रेस की सरकार में नहीं हुए।
अटेर के पूर्व विधायक मुन्नासिंह भदौरिया ने महा जनसंपर्क अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल में कहा कि कांग्रेस की 15 माह की सरकार में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने विकास के नाम पर जनता के साथ झूठ बोलकर रंग बिरंगे किसानों से फार्म भरवाकर कर्ज माफी के नाम पर वोट लेते रहे, एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ। बेरोजगारों को चार हजार रुपए भत्ता देने का वादा किया था लेकिन नहीं दिया। अब नारी सम्मान योजना के माध्यम से मातृशक्ति को झूठ बोलकर 1500 रुपए देने का वादा करने वाले कमलनाथ उन्हें भ्रमित कर रहे हैं। प्रदेश की जनता समझ चुकी है कि मप्र और देश के विकास को भाजपा ने अपनी अनेकों योजनाओं के साथ आत्मनिर्भर विकास की दिशा से जोडऩे का काम किया। केन्द्र और राज्य सरकार की जन हितैषी कल्याणकारी योजनाओं को भी जनता के सामने बताया। 2023 के विधानसभा चुनाव में आप सभी एकजुट होकर भाजपा के प्रत्याशी कमल के फूल को जिता कर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए आशीर्वाद प्रदान करें, फिर हमारी सरकार आपके द्वार अनेकों विकास योजनाओं के माध्यम से आगे लाकर गरीब मजदूरों किसानों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ेगी।
महा जनसंपर्क अभियान में अटेर विधानसभा के ग्राम उदोतगढ़, गढेर, चोम्हो आदि ग्रामों में किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र तिवारी, युवामोर्चा मण्डल अध्यक्ष ऋषि भदौरिया, उल्फत सिंह जादौन, शैलू भदौरिया, मुलायम तोमर, दिनेश भदौरिया, रमेश भदौरिया सरपंच, मायाराम, शिवम भदौरिया, पुरुषोत्तम सिंह भदौरिया आदि कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से रूबरू हुए।