भिण्ड, 20 जून। प्रधानमंत्री मंत्री नरेन्द्र मोदी के नौ वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा एक माह तक विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। जिसे महाजनसंपर्क अभियान नाम दिया गया है। इसी तारतम्य में गोहद भाजपा द्वारा पत्रकार वार्ता का आयोजन सिंचाई विभाग विश्राम ग्रह पर विधानसभा संयोजक रामबाबू उपाध्याय, नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन, ग्रामीण मण्डल अध्यक्ष दीपक तोमर, चितोरा मण्डल अध्यक्ष रवि शर्मा, नगर मण्डल महामंत्रीद्वय आशीष शर्मा, विनोद माहोर की उपस्थिति में हुआ।
सिंचाई विभाग विश्राम गृह पर आयोजित पत्रकार वार्ता में विधानसभा संयोजक रामबाबू उपाध्याय ने कहा कि हिन्दुस्तान ही नहीं, विदेश की धरती पर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की काबलियत को सराहा जा रहा है। प्रधानमंत्री मोदी का नौ वर्ष का कार्यकाल उपलब्धि की अनवरत श्रृंखला है। तीन तलाक, धारा 370, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री आवास, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम मन्दिर निर्माण आदि महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी की विदेश नीति के चलते आज विदेश में भारत को सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है।
नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जेन ने कहा कि केन्द्र की डबल इंजन की सरकार ने देश की दशा और दिशा ही बदल दी है। मप्र की भाजपा सरकार की लाडली लक्ष्मी योजना को पूरे देश की राज्य सरकार ने सराहा है और लागू भी किया है। अभी आरंभ हुई लाडली बहना योजना के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सिद्ध कर दिया कि भाजपा जो कहती है वो करती है, योजना के तहत सभी लाडली बहनों के खाते में एक साथ एक हजार रुपए भेजे गए।
आखिर रणवीर जाटव क्यों बना रहे संगठन से दूरी
मप्र हथकरघा निगम अध्यक्ष रणवीर जाटव का संगठन के कार्यों में उपस्थित न होना चर्चा का विषय बना हुआ है। भाजपा द्वारा पत्रकार वार्ता भी आयोजन रणवीर जाटव के संबोधन के साथ किया जाना था, लेकिन वो उपस्थित नहीं हुए, अभी केन्द्र सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने पर एक माह तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, लेकिन रणवीर कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं, जबकि नवंबर माह में होने वाले विधानसभा चुनाव में गोहद विधानसभा में भाजपा से रणवीर जाटव प्रमुख दावेदारों में हैं, लेकिन जनता के बीच न रहना, फोन अटेंड न करना संगठन के कार्यों में उपस्थित न होना किस बात का संकेत है।