आरोप लगाने के बजाय अतिक्रमण की जांच कराएं भाजपा नेता

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के आरोप पर कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध

भिण्ड, 22 अप्रैल। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा द्वारा लहार विधायक एवं नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह पर जो आरोप लगाए हैं, उन्हें निराधार बताते हुए कांग्रेस नेताओं ने विरोध जताया है।
लहार नपा उपाध्यक्ष नरेश सिंह चौहान, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष लहार राजकुमार शर्मा राजू मौल्या, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष लहार देवेन्द्र त्रिपाठी, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक भिण्ड के पूर्व अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह सेंगर सहित जिला कांग्रेस के अनेक नेताओं ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अम्बरीश शर्मा द्वारा डॉ. गोविन्द सिंह पर लगाए गए आरोपों के विरोध में कहा है कि जो जैसा होता है, उसे वैसा ही दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि डॉ. सिंह जिस स्थान पर निवास करते हैं, वहां की एक बीघा 11.5 बिस्वा भूमि अम्बरीश शर्मा के ही नाना से खरीदी गई थी। वे अपने नाना के परिजनों से जानकारी लें यदि वह जमीन सरकारी है और अतिक्रमण किया गया है तो जांच कराएं और अतिक्रमण हो तो उसे तुरंत हटवाएं। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेता पर आरोप लगाते हुए कहा है कि भाजपा नेता वार्ड क्र.13 में जिस मकान में रहते हैं, वह सरकारी जमीन एवं नाले पर अतिक्रमण कर बनाया गया है। उधर जेल के पीछे शासकीय भूमि पर कब्जा कर खेती कर लाभ ले रहे हैं। जिसका खुद का इतिहास ऐसा हो उसे दूसरे पर आरोप लगाने से पहले विचार करने की आवश्यकता है।