मां मंगलदेवी की आरती कर मांगा आशीर्वाद
भिण्ड, 16 अप्रैल। विगत 22 दिन से लहार विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रोमेश महंत द्वारा की जा रही विजय संकल्प पद यात्रा रविवार को लहार पहुंची। जहां यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इसके साथ ही मां मंगला देवी मन्दिर में देवी की आरती कर आशीर्वाद मांगा।
लहार क्षेत्र में विगत 25 मार्च को आलमपुर से भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य रोमेश महंत द्वारा आरंभ की गई भाजपा विजय संकल्प पदयात्रा आगे बढ़ती जा रही है और इसके साथ ही यात्रा को जनसमर्थन भी मिल रहा है। भाजपा नेता रोमेश महंत ने संकल्प लिया है कि इस बार लहार विधानसभा क्षेत्र से भाजापा की विजय होगी, इसी उद्देश्य के साथ यह यात्रा निकाली जा रही है। भाजपा नेता महंत विधानसभा चुनाव के लिए लोगों से विजय का आशीर्वाद ले रहे हैं और रूठे हुए कार्यकर्ताओं को मनाते हुए पार्टी को मजबूत स्थिति में पहुंचने का काम कर रहे हैं। यात्रा रोजाना आधा दर्जन गांवों में पहुंच रही है और रात्रि विश्राम गांव में ही कर सुबह यात्रा की पुन: शुरुआत की जाती है।
महंत ने बताया कि यात्रा के दौरान लोगों को भाजपा सरकार की उपलब्धियों से भी अवगत कराया जा रहा है। रविवार को यात्रा के दौरान नगर के हृदय स्थल मां मंगलदेवी की आरती कर लहार विधानसभा के लिए भाजपा विजय का आशीर्वाद मांगा। विजय संकल्प यात्रा का लहार नगर में पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इसी क्रम में अम्बरीश शर्मा गुड्डू के निवास पर उनके अनुज अखलेश उर्फ बंटू शर्मा ने रोमेश महंत का भव्य स्वागत किया।