इंदौर बावड़ी हादसा : सास-बहू समेत 13 लोगों की मौत

अब तक 19 को निकाला, घटना की जांच के आदेश

इंदौर, 30 मार्च। इंदौर में रामनवमी पर बड़ा हादसा हो गया। स्नेह नगर के पास पटेल नगर में श्री बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर परिसर में बनीं बावड़ी के ऊपर की छत धंसने से 25 से अधिक लोग बावड़ी में गिर गए। सुबह करीब 11.30 बजे की घटना के बाद से अभी तक चले रेस्क्यू अभियान में अभी तक 19 लोगों को बावड़ी से निकाला गया है, जिनमें दो बच्चियां भी हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कुल 13 लोगों की हादसे में मौत हो चुकी है, जिनमें सात महिलाएं और एक पुरुष हैं। एक घायल की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक सास-बहू भी शामिल हैं। राष्‍ट्रपत‍ि और प्रधानमंत्री ने इस घटना पर शोक जताय है।

प्रदेश के गृहमंत्री डॉ. नरोत्‍तम मिश्रा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।हादसे में मृत लोगों के परिजन उनके शरीर के अंग दान कर रहे हैं। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह शाम को घटना स्‍थल पर पहुंचे। कलेक्टर इलैया राजा टी के अनुसार मंदिर से अभी तक 11 शव बरामद किए जा चुके हैं।

दिवंगतों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपए

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में पुरानी निजी बावड़ी के धंस जाने से कुछ लोगों की असामयिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि है यहघटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अनेक प्रयासों के बाद कुछ नागरिकों को बचाया नहीं जा सका। घटना की जांच के निर्देश दिए गए हैं सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना में दिवंगत लोगों के परिजन को पांच पांच लाख रुपए की राहत राशि प्रदान की जाएगी। घायलों के नि: शुल्क उपचार के साथ 50 हजार प्रति घायल को राशि प्रदान की जाएगी।

खबरों के अनुसार, मंदिर के पास टीनशेड में बावड़ी पर निर्माण था। लोग नवमी पर हवन कर रहे थे, तभी यह बड़ा हादसा हो गया। मंत्री तुलसी सिलावट निगम आयुक्त से बोले, निगम की जितनी भी बावड़ी है उनकी सुरक्षा जांचे।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने घटना पर दुख जताया और इसको लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान से बात कर रेस्क्यू आपरेशन की जानकारी भी ली।

बावड़ी में गिरे लोगों को बचाने का किया जा रहा है प्रयास। हादसे के बाद भी काफी देर तक मौके पर फायर बिग्रेड, एंबुलेंस और 108 गाड़ियां नहीं पहुंची।इससे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। तंग गलियां होने से राहत कार्य करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एंबुलेंस व 108 की गाड़ी निकलने में भी परेशानी हो रही है। कुछ लोगों को जैसे-तैसे बाहर निकाला गया।

पुलिस कमिश्नर, कलेक्टर और निगमायुक्त सहित प्रशासन की टीम सूचना मिलते ही यहां पहुंच गए। इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित तमाम एमआईसी सदस्य मीटिंग छोड़ निकले दुर्घटना स्थल के लिए। साथ ही कई राजनेता भी पहुंच गए। राहत कार्य के लिए गोताखोरों को भी बुलाया गया।

घटना को कवर कर रहे मीडियाकर्मियों से भी हाथापाई की गई। अभी स्थिति बेहद खराब है। अभी कई लोग लापता हैं। अभी तक चार लोगों को बावड़ी से निकाला गया है और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। लोगों में इस समय काफी आक्रोश है। जो लोग बावड़ी के अंदर फंसे हैं, वह सीढ़ियों पर हैं। उन्हें आक्सीजन पहुंचाई गई है अभी भी महिलाओं और बच्चों के फंसे होने की आशंका जताई गई है।

स्नेह नगर के एक रहवासी ने बताया कि बावड़ी के पास अवैध रूप से मंदिर बनाया गया था और वहां के सभी हवन अनुष्ठान बावड़ी पर होते थे। इस अवैध निर्माण में क्षेत्रीय नेताओं का भी समर्थन था। इस अवैध निर्माण की शिकायत पहले भी कई बार की जा चुकी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई पटेल नगर में रहने वाले राजेन्द्र राय बोले- मैं भी पत्नी के साथ मंदिर आने वाला था, 15 मिनट पहले, बाल-बाल बच गया।

लोहे की जाली पर स्लैब डालकर किया था निर्माण

मंदिर के पास टीनशेड में बावड़ी पर निर्माण था। लोग नवमी पर हवन कर रहे थे तभी हादसा हुआ। निगम अफसरों के मुताबिक 40 फीट गहरी है बावड़ी, उस पर लोहे की जाली थी। एक कमरे के बराबर चौड़ाई है बावड़ी की। लोहे की जाली पर स्लैब डालकर निर्माण किया गया। हवन के दौरान बावड़ी की छत पर ज्यादा लोगो के होने से जाली टूटी और हादसा हुआ। बावड़ी की जानकारी निगम के अफसरों को नहीं थी। हादसे के बाद अफसरों को पता चला कि यहां बावड़ी है। भोपाल में वरिष्ठ अफसर, मुख्यमंत्री को भी दे रहे जानकारी। कलेक्टर बोले अभी हमे काम करने दे रेस्क्यू चल रहा। बाद में जानकारी देंगे। कलेक्टर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने तीन बार फोन पर जानकारी ली।

अस्पताल में नहीं मिल रही जानकारी

गंभीर हालात में महिला को इलाज के लिए अस्पताल लाए गए थे। घायलों के हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे महापौर पुष्यमित्र भार्गव से स्वजनों ने लगाई अपने मरीज की जानकारी बताने की गुहार।

कम जगह के कारण बड़ी मशीनें नहीं लगा सकें : विजयवर्गीय

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि जैसे ही उन्हें सूचना उन्होंने तुरंत ही रेस्क्यू आपरेशन करने के निर्देश दे दिए थे। उन्होंने कहा कि जगह कम होने से बड़ी मशीनें नहीं लगा सकते थे। हालांकि यहां पर पर्याप्त व्यवस्था की गई। पर्याप्त लाइट और आक्सीजन की व्यवस्था की गई है। अभी तक 12 लोगों को निकाला जा चुका है, अभी 8-9 लोगों के अंदर होने की सूचना है। करीब आधे घंटे में सभी लोगों को बाहर निकाल लिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने लिया स्थिति का संज्ञान

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर में बेलेश्वर महादेव मंदिर स्थित बावड़ी में कुछ श्रद्धालुओं की फंसे होने की घटना का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंदौर कलेक्टर व इंदौर कमिश्नर से फोन पर चर्चा कर रेस्क्यू ऑपरेशन को तेज करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय, इंदौर जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क में है। इंदौर पुलिस के आला अधिकारी, जिला प्रशासन के आला अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं श्रद्धालुओं को निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। बावड़ी से कुछ लोगो का रेस्क्यू अब तक किया जा चुका है।