राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनसंवाद करके सरकार की योजनाओं की जमीनी हकीकत जानी
स्वसहायता समूहों को सवा करोड़ से अधिक राशि का चैक किया भेंट
भिण्ड, 14 मार्च। मप्र के राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई हैं, अब महिलाएं चौका-चकिया तक सीमित नहीं हैं, वे अब अपने आप में स्वावलम्बी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं तो अपने पतियों की मदद कर रही हैं। उन्होंने गुना जिले का उदाहरण देते हुए बताया कि एक महिला ने अपने पति को ट्रेक्टर भी खरीद कर दिया है। राज्यपाल मंगलवार को अटेर जनपद पंचायत के परा गांव में जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय, प्रदेश के सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया, अटेर जनपद अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी उपस्थित थे।
जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जनप्रतिनिधियों से आव्हान किया कि वे बुजुर्गों, गरीबों तपके वर्गों की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहे। उनकी सेवा से ही हमारा राजनैतिक मकसद सार्थक होता है उन्होंने मौके पर स्वसहायता समूह की श्रीमती रानी भदौरिया, पूजा शाक्य को एक करोड़ 26 लाख रुपए का चैक भेंट किया। उन्होंने प्रदर्शनी के अवलोकन के दौरान वेरीकेट्स पर पहुंचकर लोगों से कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पूछताछ और आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण कर सरकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत को जाना।
राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का व्यक्तित्व सम्वेदनशील है। महिलाओं, वंचितों और आवासहीन दिव्यांगजनों के कल्याण विकास की योजनायें उनके दिल से निकलती है। मोदी जी में व्यक्ति उसकी समस्याओं और सार्मथ्य को पहचानने की अद्भुत क्षमता और दिव्य दृष्टि है। उन्होंने गरीबों, आवासहीनों, महिला सशक्तिकरण और उनके आर्थिक स्वावलंबन के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र की प्रगति अच्छे जनप्रतिनिधियों से होती है, तभी उनका राजनैतिक जीवन सार्थक माना जाता है। उन्होंने श्रीमती बंदना द्वारा स्वसहायता समूहो के माध्यम से जैविक खेती और प्राकृतिक खेती से हुए बदलाव से किसानों के जीवन में आ रहे बदलाव की सराहना की। उन्होंने सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की भी सराहना की। उन्होंने चंबल की पावन धरती को नमन करते हुए कहा कि भिण्ड और मुरैना के सर्वाधिक जवान देश की सरहद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
राज्यपाल पटेल ने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार ने कई महत्वाकांक्षी योजनाएं चलाई है। उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इस योजना ने बच्चियों का भाग्य ही बदल दिया है। मप्र में 44 लाख 26 हजार लाड़ली लक्ष्मियों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई जमाना था, जब बच्चियों को मार दिया जाता था। बच्चियों की कमी और पुरुषों की तुलना में महिलाओं का अनुपात कम होने पर केन्द्र की मोदी सरकार ने पहले बेटी बचाओ फिर बेटी पढ़ाओ योजना शुरू की। इसके बाद सेल्फ हैल्प गु्रपों के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण किया। इसके सकारात्मक परिणाम परिलक्षित हुए। इसके बाद लाड़ली लक्ष्मी योजना और अब मुख्यमंत्री लाड़ली बहिना योजना की शुरुआत की है। इस योजना में प्रतिमाह महिलाओं को एक हजार रुपए मिलेंगे। स्व-सहायता समूहों से महिला सशक्त हो रही हैं। वे आर्थिक एवं सामाजिक तरक्की कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं तो अपने पतियों की मदद कर रही हैं।
प्रधानमंत्री आवास नीति पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हर आवासहीन को आवास दिलाने का संकल्प लिया है, जिन हितग्राहियों को आवास मिल जाता है। उनका जीवन आनंदमय हो जाता है। आज एक-एक झोंपड़ी वालों को ढूंढकर सरकार आवास दे रही है। उन्होंने कहा कि झोपड़ी में रहने वाले से पूछो कि बरसात और सर्दी के मौसम में उनका जीवन कैसे कटता है। मैं भी झोपड़ी में रहा हूं, मुझे मालूम है कि क्या-क्या परेशानियां आती हैं। आज मोदी जी सबको आवास दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने पद पर बैठकर गरीबों के लिए ऐसी योजनाएं बनाई हैं, जो उनकी दशा बदल रहीं है। उन्होंने उज्जवला योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि आज सुदूर अंचलों में घर-घर लाईट पहुंच गई है। उज्जवला योजना के तहत हर गरीब परिवार को गैस सिलेण्डर के कनेक्शन दिए हैं।
क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि भिण्ड जिले में आज राज्यपाल ने आकर हमारा गौरव बढ़ाया। हमारे प्रधानमंत्री सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के साथ नया नारा सबका प्रयास जोडकर चल रहे है। उन्होंने कहा कि मैंने महामहिम राष्ट्रपति और राज्यपाल महोदय के बजट भाषण को सुना है। इस भाषण में गरीबों और किसानों के कल्याण के साथ-साथ देश के चहुंमुखी विकास की बात कहीं गई है।सहकारिता एवं लोकसेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने राज्यपाल के चंबल की धरा भिण्ड में पहली बार पधारने पर उनका स्वागत अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि चंबल लम्बे समय तक डकैतो के भय से बदनाम रहा है, अब चंबल में ऐसी स्थिति नहीं है। चंबल विकास के क्षेत्र में अपनी पहिचान बना रहा है। देश की सीमाओं पर आज सर्वाधिक जवान भिण्ड और मुरैना के तैनात होकर देश की रक्षा करके देश का स्वाभिमान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान के अनुसार हमारे प्रदेश के मुखिया उत्तरोत्तर प्रगति कर रहे है। पांच फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा भिण्ड से विकास यात्रा की शुरुआत की गई। भिण्ड में मेडीकल कॉलेज की घोषणा के साथ-साथ भिण्ड नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देकर गए है। राज्यपाल का बजट भाषण हमे विधानसभा में सुनने को मिला, जो गरीबों पिछड़े वर्गों, किसानों के कल्याण और प्रदेश के चहुंमुखी विकास की ओर ले जाता है। उन्होंने कहा कि यहां का किसान महनती परिश्रमी है। किसान संपन्न हो इसके लिए सिंचाई की महति आवश्यकता को देखते हुए 150 करोड़ रुपए की कनेरा सिंचाई योजना बनाई है। इससे 15 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होगी। क्षेत्र को हाईवे की सड़कों से जोड़ा जा रहा है। जिले में सड़को का जाल बिछाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में लाड़ली बहिना योजना शुरू की गई है। इस योजना से महिलाओं की जिंदगी बदल जाएगी।
इस अवसर पर राज्यपाल पटेल ने उद्यमता विकास योजना के तहत श्रीमती सोनिया, छाया और शिवानी को 10 लाख रुपए का चैक भेंट किया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सुरेश पुत्र रामसहाय को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र भेंट किया। उन्होंने राजेन्द्री, रामसिया, सुश्री मीनू, विनोद को आयुष्मान कार्ड भेंट किए। श्रीलाल, सुखराम, मुन्नी को इन्दिरा गांधी वृद्धा पेंशन स्वीकृति पत्र भेंट किया। उन्होंने नरेश, जयसिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना का स्वीकृति पत्र भेंट किया। कार्यक्रम के अंत में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मनोज कुमार सरियाम ने सभी के प्रति आभार प्रकट किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया, चंबल कमिश्नर दीपक सिंह, कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर जेपी सैयाम, जनप्रतिनिधि सहित अन्य ग्रामीणजन उपस्थित थे।