हर घर तिरंगा अभियान से लोगों में होगा देशभक्ति की भावना का संचार : पाठक

भिण्ड, 06 अगस्त। भारतीय जनता युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा है कि आजादी के अमृत महोत्सव के तहत मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों में देशभक्ति की भावना का संचार होगा और लोगों को देश के प्रति अपने कर्तव्य का एहसास होगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार के आह्वान पर मप्र के हर जिले में नौ से 11 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा और 13 से 15 अगस्त को हर मण्डल पर युवामोर्चा हर घर तिरंगा अभियान के तहत हर घर पर तिरंगा फहराने कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
युवामोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अतुल रमेश पाठक ने कहा कि स्वतंत्रता की 75 वीं वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव के विजन को देश में उत्साह और उमंग के साथ पूरा किया जा रहा है। जैसे-जैसे स्वतंत्रता दिवस नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे देश व प्रदेश सहित जिला में हर घर तिरंगा अभियान से आमजन में जोश व उत्साह बढऩे लगा है। हमारे देश का हर वर्ग इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने को उत्साहित है। उन्होंने बताया कि हमारी शिवराज सरकार, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और युवामोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष वैभव पवार ने कहा है कि हर जिले की प्रशासन की ओर से हर घर तिरंगा अभियान में आमजन की ज्यादा से ज्यादा भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।