गोहद नपा अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव : 40 साल के इतिहास को बदलने का दावा

भिण्ड, 04 अगस्त। गोहद नगर पालिका अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के चुनाव की तिथि 12 अगस्त निश्चित हो जाने के बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं, नवनिर्वाचित पाषर्द जिन्हें आसानी से नगर में घूमते देखा जा सकता था, वो अब खोजने से भी नहीं मिल रहे हैं। गोहद नगर पालिका में नवनिर्वाचित पार्षदों में पांच कांग्रेस के, तीन भाजपा के, एक आप पार्टी एवं नौ पार्षद निर्दलीय हैं। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के लिए दो तिहाई बहुमत यानि 10 पार्षद चाहिए, लेकिन यह संख्या किसी भी राजनैतिक दल के पास नहीं है। यहां निर्दलीय पार्षदों की बल्ले-बल्ले है।
गोहद नगर पालिका परिषद के चुनाव में कांग्रेस पार्टी द्वारा पांच सीट पर विजय प्राप्त कर अपनी स्थिति में काफी सुधार किया है, वो इस उपलब्धि से काफी उत्साहित है और गोहद नगर पालिका अध्यक्ष बनाने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्रदेश में पिछले 18 वर्ष से भाजपा की सरकार है, इसके बाद भी नगर पालिका चुनाव में भाजपा तीन सीट पर सिमट गई, भाजपा के पदाधिकारी स्वयं अपने वार्डों से अपने प्रत्याशियों को हार से नहीं बचा पाए। उनका कहना है कि हमारे कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता स्थित पर नजर रख रहे हैं, हम भ्रष्टाचार से मुक्त कार्यकाल देंगे। नगर में विकास कार्यों की अनवरत श्रृंखला स्थापित की जाएगी। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने के लिए समिति गठित की जाएगी, जो निर्माण कार्यों निगरानी रखेगी।

इनका कहना है-

नगर की जनता ने जनादेश कांग्रेस के पक्ष में दिया है, गोहद में कांग्रेस 40 वर्ष पुराना इतिहास बदलकर कांग्रेस का अध्यक्ष बनाएगी।
आशीष गुर्जर, अध्यक्ष ब्लाक कांग्रेस गोहद

नगर की जनता को हम बेहतर प्रशासन देंगे, हम नगर पालिका अध्यक्ष के दो तिहाई बहुमत के करीब हैं।
विजय मुदगल, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी गोहद