नए साल में शहर को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएंगे : संजीव

भिण्ड विधायक ने पत्रकार वार्ता में खोला विकास कार्यों का पिटारा

भिण्ड, 31 दिसम्बर। विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने साल 2022 में शहर को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने का संकल्प लेते हुए स्थानीय सर्किट हाउस में 2021 के अंतिम दिन शुक्रवार को पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि इस साल में भिण्ड नगरपालिका को नगर निगम घोषित कराने के लिए प्रयास किए जाएंगे। नगर निगम बनने से हमारे शहर का सर्वांगीण विकास संभव हो पाएगा। स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले को अग्रणी बनाने के लिए लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं दिलाने के लिए मेडिकल कालेज के लिए प्रयास किए जाएंगे। इससे जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित होंगीं। ग्वालियर इटावा नेशनल हाइवे-719 को फोरलेन कराने के लिए प्रदेश सरकार और केन्द्र सरकार स्तर पर प्रयास करेंगे।
विधायक संजीव सिंह कुशवाह ने बताया कि शहर के वनखण्डेश्वर मन्दिर का सौन्दर्यीकरण, जीर्णोद्धार का कार्य करीब पौन करोड़ रुपए से कराया जाना प्रस्तावित है। इसके लिए 46 लाख रुपए की पहली किश्त मिल चुकी है। डिड़ी गांव के पास ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण कराया जाएगा, जिससे शहर को हादसे और जाम के हालातों से निजात मिलेगी। शहर में सिंचाई विभाग कालोनी में 70 करोड़ की लागत से रीडेसीफिकेशन का कार्य इस वर्ष शुरू कराया जाएगा। इसमें अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर और शहर के लिए व्यावसायिक काम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। उधर पुरानी जेल की जमीन के लिए भी रीडेंसीफिकेशन का प्रस्ताव तैयार करवाया जाएगा। इससे यहा भी ट्रांसपोर्ट नगर का प्रस्ताव तैयार करवाया गया है। साथ ही करीब 50 बीघा आवासीय और भव्य व्यवसायिक परिसर का निर्माण कराया जाएगा। महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए शहर के बीचोंबीच महिला-चिल्ड्रन पार्क एवं लाईब्रेरी का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पुरानी गल्ला मण्डी में जगह प्रस्तावित की गई है।
उन्होंने बताया कि गौरी सरोवर का सौन्दर्यीकरण का कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार है। सरोवर के चारों ओर सड़क, गंदा पानी रोकने के लिए नाले का निर्माण, हादसे रोकने के लिए चारों ओर जाली लगाने का कार्य किया जाएगा। निर्माणाधीन पुल का निर्माण कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। उत्तम स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन को जल्द शुरू करवाया जाएगा। 100 पलंग का नया मैटरनिटी विंग की स्थापना कराई जाएगी। 50 पलंग के आयुर्वेद अस्पताल का निर्माण नवादा में की जमीन पर किया जाएगा। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊमरी को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, अकोड़ा को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बनाए जाने के साथ ही शहर के भवानीपुरा और विक्रमपुरा स्वास्थ्य केन्द्रों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी। अस्पतालों में डॉक्टर, स्टाफ की कभी दूर करने के लिए मुख्यमंत्री से मांग करेंगे। इसके अलावा शहर में बीएसएनएल भवन के सामने तीन करोड़ रुपए की लागत से संभाग स्तरीय वातानुकूलित आडीटोरियम का निर्माण और बाहर पार्क निर्मित कराया जाएगा। एमजेएस कालेज भवन का जीर्णोद्धार एवं 75 लाख रुपए की लागत से नवीन गेट, बाउण्ड्रीवाल, लायब्रेरी अपग्रेडेशन, पार्क और इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। अमृत योजना का कार्य जल्द पूरा कराया जाएगा। साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बाधा रहित सुलभ बिजली आपूर्ति सप्लाई के लिए पूर्ण प्रयास किए जाएंगे।