शहर कांग्रेस ने मार्च निकाला सीएमओ को सौंपा ज्ञापन

भिण्ड, 27 दिसम्बर। गोहद नगर में व्याप्त जन समस्याओं व अवरुद्ध विकास को गति देने के लिए शहर कांग्रेस द्वारा सड़क पर मार्च निकालकर सीएमओ सतीश दुबे को ज्ञापन सौपकर समस्या निराकरण के लिए सात दिवस का समय दिया है। तदुपरांत आंदोलन की चेतावनी दी है। शहर कांग्रेस के बैनर तले सैकड़ों कार्यकता पैदल मार्च कर नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और प्रदेश सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विजय मुदगल ने कहा कि प्रदेश की भ्रष्ट भाजपा सरकार के कारण गोहद विधानसभा भ्रष्टाचार का प्रमुख केन्द्र बन गया है, यहां ओलावृष्टि का मुआवजा भी पटवारी डकार गए, उनका बाल भी बांका नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा विधानसभा चुनाव में भाजपा को आइना दिखा दिया। उसका परिणाम यह है कि गोहद का विकास अबरुद्ध हो गया, यहां विकास कार्यों के लिए आवंटित राशि को शासन ने बापस ले लिया। युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार देशलहरा ने कहा कि नगर में समस्याओं का अम्बार लग गया है, अधिकारी सीट पर नहीं मिलते, जनता परेशान है। युवक कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष कुलदीप गुर्जर ने कहा कि जनता मूलभूत समस्याओं के साथ संघर्ष कर रही है। युवा नेता शैलेन्द्र सिंह गुर्जर ने कहा कि गोहद की जनता के साथ अन्याय व अत्याचार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर काग्रेस द्वारा नगर की स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, नगर में दोनों समय सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्यो में गति लाने आदि मांगों के संदर्भ में ज्ञापन सौंपा गया।