एमजेएस कॉलेज के प्राचार्य पर चलाई गोली

घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही पुलिस बाल-बाल बचे प्राचार्य

भिण्ड 14फरवरी:-  शहर के पीएमश्री एमजेएस कॉलेज के उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉलेज प्राचार्य के ऊपर फायरिंग हो गई। प्राचार्य डॉ. राम अवधेश शर्मा ने बताया कि यह हमला मेरे ऊपर हुआ, जिसमें में बाल बाल बच गया। यह घटना शुक्रवार दोपहर की है।  जानकारी के मुताबिक अज्ञात हमलावर ने फायरिंग कर दी, जिससे प्राचार्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, वहीं प्राचार्य ने एक कर्मचारी पर आरोप लगाए हैं, लेकिन पुलिस मामले की अन्य एंगलों से भी जांच कर रही है। घटना के बाद प्राचार्य को जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राचार्य ने कहा कि कॉलेज में हुई भर्ती प्रक्रिया में गोपनीयता भंग करने और वसूली पर मेरे द्वारा सख्ती बरती गई, जिससे बोखलाए लोगों ने यह घटना की। उन्होंने बताया कि गोली मेरे मोबाइल को छूकर निकली, जिसमे बाल बाल बच गया। इस मामले में पुलिस ने अपने स्तर से जांच शुरू कर सीसीटीव्ही फुटेज से घटना व आरोपी की डिटेल निकालने की प्रक्रिया को शुरू कर दी है। जिसके लिए डीवीआर को कस्टडी में दिया है।

श्री शर्मा हटाए जाने के बाद कोर्ट स्टे से दुबारा बने प्रचार्य बने हैं

तीन माह पूर्व एबीव्हीपी के द्वारा किए गए प्रदर्शन पर प्राचार्य डॉ. राम अवधेश शर्मा को हटाकर डॉ. सुनील त्रिपाठी को नया प्राचार्य बनाया गया था। इस दौरान प्राचार्य शर्मा पर अनियमितता व भ्रष्ट आचरण के आरोप लगे थे। इन्हें हटाया गया, तो यह कोर्ट स्टे ले आए और दुबारा कॉलेज के प्राचार्य बन गए। इसलिए इस घटना को पुलिस संदिग्ध मान रही है और जांच के बाद किसी नतीजे पर पहुंचने की बात कह रही है।