-पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह पहुंचे कथा में
भिण्ड, 09 फरवरी। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में पाल, बघेल, धनगर समाज मप्र एवं उप्र द्वारा मल्हारराव होल्कर छतरी बाग आलमपुर में विशाल संगीतमयी श्रीमद भागवत कथा का आयोजन कराया जा रहा है। जिसमें राजमाता अहिल्याबाई होल्कर महाशक्ति पीठ हरिद्वार से पधारे डॉ. जीतेन्द्र व्यास द्वारा प्रतिदिन सुबह 11 से शाम पांच बजे तक कथा सुनाई जा रही है।
श्रीमद भागवत कथा के पांचवें दिन रविवार को उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न लीलाओं का वर्णन कर सुंदर कथा श्रवण कराई। तो वहीं अनेक संत विद्वान कथा में शामिल होकर अपने आशीष वचन दे रहे है। शनिवार को मुख्यमंत्री के ओएसडी पूर्व कमिश्नर महेशचन्द्र चौधरी कथा में शामिल हुए थे। जबकि रविवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह छतरी बाग के अंदर आयोजित श्रीमद् भागवत कथा में शामिल हुए। भागवत कथा श्रवण करने के लिए श्रोताओं की संख्या दिन प्रतिदन बढती जा रही है। आलमपुर सहित आसपास के कई गांव के हजारों लोग कथा श्रवण करने के लिए छत्रीबाग आलमपुर पहुंच रहे हैं। समूचा कथा स्थल श्रोताओं से खचाखच भरा दिखाई देता है। कथा समापन के पश्चात प्रतिदिन भण्डारे का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद भागवत कथा पारीक्षित रामबेटी-जगत सिंह बघेल बने हैं। कथा 11 फरवरी तक चलेगी और 12 फरवरी को हवन पूजन एवं पूर्णाहुति के पश्चात विशाल भण्डारे का आयोजन किया जाएगा। कथा स्थल को भव्य तरीके से सजाया गया है। इसके अलावा श्रोताओं के लिए छाया पानी की समुचित व्यवस्था की गई है।
गेंथरी में भी चल रही भागवत कथा
आलमपुर के नजदीक ग्राम गेंथरी में भी खेडापति हनुमान मन्दिर पर श्रीमद् भागवत कथा आयोजित की जा रही है। कथा के दौरान पं. मुकेश महाराज दतिया द्वारा प्रतिदिन दोपहर एक से शाम पांच बजे तक भगवान की विभिन्न कथाओं का रसपान कराया जा रहा है। कथा का आयोज रामकली-रामनारायण शर्मा द्वारा कराया जा रहा है। यहां भी कथा श्रवण करने के लिए श्रोताओं की अपार भीड उमड रही है।