-विधानसभा अध्यक्ष गजरथ महोत्सव का ध्वज लेकर विहसंत सागर मुनिराज के साथ शहर में निकले
भिण्ड, 05 फरवरी। धर्म के सूत्र में बांधने वाले उपाध्याय विहसंत सागर महाराज की बहुत बडी कृपा रही है, जिनका अमृतमयी आशीर्वाद हमेशा जैनधर्म नहीं सर्व समाज के साथ-साथ उनकी अमृत ज्ञानवाणी से प्राप्त हुआ है। संतों का दर्शन हमारे लिए प्रेरणादायक बना रहे। यह बात मप्र विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने भिण्ड शहर के मेला परिसर स्थित निराला रंग विहार में चल रहे पंचकल्याणक महोत्सव में जनसमूह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि जहां जैनधर्म के संतों का पदार्पण होता है वहां भिण्ड ऋषि की भूमि ही नहीं हर राष्ट्र में सुशोभित हो जाती है। ईश्वर एक है जिसे प्राप्त करने के लिए अनेक प्रकार के स्त्रोत हैं, जो हमारे विचार के लिए समाज में कार्य करते हैं जैन धर्म का पालन करने वाले कठोर संत ही हमें इस भूमि पर दिखाई देते हैं, जिनका त्याग कठिन तपस्या आचरण से परिपूर्ण होता है। उन्होंने कहा कि चंबल क्षेत्र जहां डकैतों के नाम से जाना जाता था अब यह भूमि आध्यात्मिक, सनातन, जैनधर्म और चंबल संभाग के सेना में पहुंचने वाले वीर सपूतों के बलिदान से पहचानी जाती है।
तोमर ने कहा कि चंबल क्षेत्र के भिण्ड, मुरैना, दतिया, सोनागिर, बरासों में ऐसे तीर्थ स्थल हैं जो भगवान महावीर स्वामी की अनेक प्रतिमाओं से स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के विचार और सिद्धांतों को अग्रणी भूमिका निभाने के लिए जैन समाज के संतों और समाज के लोगों ने जैनधर्म का शाकाहार का प्रचार पूरे भारत में मुख्य भूमिका के साथ प्रचारित किया है। उन्होंने कहा कि पंचकल्याणक महोत्सव और चातुर्मास जैन धर्म की एक महत्वपूर्ण कडी है, जहां जैनधर्म के संतों का आशीर्वाद प्राप्त होता है वहां हमें बडी सफलता प्राप्त होती है।
भाजपा अजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालसिंह आर्य ने कहा कि जीवन में हमें कोई अहंकार नहीं करना चाहिए, हमेशा त्याग, तपस्या और परिश्रम से अपने कार्य को करेंगे तो परम पिता परमात्मा हमें अवश्य ऊंचाई की सीढ़ी तक ले जाएगा, जिन लोगों में अहंकार की भावना होती है उन्हें ईश्वर भी अपना आशीर्वाद नहीं देता। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का यही विचार और संदेश था कि मनुष्य को जीवन में अहंकार छोडकर भक्ति का मार्ग प्रस्तुत करें। आर्य ने कहा कि जीवन में काम करते रहें मन की लालसा से नहीं, अगर हमें समृद्व और सनातन धर्म के प्रति जाग्रत होना है मन की शांति से सब काम करते रहना चाहिए इससे बडा कोई धर्म नहीं हो सकता।
विधायक भिण्ड नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि गुरूदेव विहसंत सागर महाराज का आशीर्वाद मुझे हमेशा मिलता रहा है, एक तरफ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में करोडों लोग अमृत स्नान गंगाजी का कर रहे हैं, दूसरी तरफ आज भिण्ड की नगरी में विहसंत सागर की कृपा से पंचकल्याणक महोत्सव पूरे शहर में नहीं, पूरे भिण्ड जिले में हो रहा है। उन्होंने कहा कि महाराजश्री ने धर्म को इतने ऊंचाईयों तक पहुंचाया है, जिसकी कोई कल्पना नहीं की जा सकती। भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि विहसंत सागर महाराज ने हम सबको अपने अनुकरणीय प्रवचनों के माध्यम से जो प्रेरणा दी है वो जैन समाज को ही नहीं, सर्वसमाज को भी एक अमृत रस की तरह प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का संदेश जियो और जीने दो यही भाव और संकल्प को लेकर आज जैनसमाज संगठित होकर पंचकल्याणक उत्सव को हर्षोल्लास के साथ मनाया है।
ध्वज लेकर पैदल चले विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उपाध्याय विहसंत सागर महाराज के साथ गजरथ महोत्सव का शुभारंभ करने के लिए ध्वज को लेकर पैदल चले और पूरा शहर भगवान महावीर के जय-जयकारों से गूंज उठा। वहीं मुनिराज ने विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, लालसिंह आर्य, विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, जिलाध्यक्ष देवेन्द्र नरवरिया को आशीर्वाद के रूप में कमण्डल और पिच्छी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर शिवांगी अग्रवाल, कोकसिंह नरवरिया सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।