भिण्ड, 19 सितम्बर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा सदस्यता महाअभियान पूरे प्रदेश में जोर-शोर से चलाया जा रहा है। इसके तहत दबोह मण्डल भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं की टीम मैदान में उतर कर नए सदस्य बनाने की मुहिम शुरू कर कर दी है। गुरुवार को नगर के साथ-साथ शक्ति केन्द्रों पर भी कार्यकर्ताओं की टोली ने घर घर जाकर नए सदस्य बनाए। जिसमें नगर के वार्ड क्र.छह, सात एवं 15 के साथ-साथ मुरावली, बिशनपुरा गांवा में नए सदस्य जोडे गए।
बता दें कि भाजपा का सदस्यता अभियान एक सितंबर से प्रारंभ हो गया है, लेकिन दबोह मण्डल के सदस्यता प्रभारियों को दो सप्ताह बाद सदस्य बनाने की याद आई है। विचारणीय बात यह है कि बुधवार को लहार विधायक अंबरीश शर्मा गुड्डू ने लहार में सभी मण्डलों के प्रभारियों की एक बैठक ली थी। उसके पश्चात ही भाजपा नेता और कार्यकर्ता मैदान में उतरे। दबोह के वार्ड क्र.छह एवं सात में अंजनी कुरचानिया, शिवकुमार गोस्वामी, शरद खेमरिया, वार्ड क्र.15 में अमन कुरचानिया, शोभित कुरचानिया तथा मुरावली में केशव गुप्ता, रावसहाब गुर्जर ने सदस्यता अभियान चलाया।