खेत जोतने पर विवाद, कट्टे से गोली मारी, युवक घायल

बरासों थाना इलाके के गौरा गांव के हार की घटना

भिण्ड, 16 अक्टूबर। बरासों थाना क्षेत्र के गौरा गांव के हार में खेत जोतने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसी दरम्यान एक पक्ष के चार लोगों ने एकराय होकर दूसरे पक्ष के एक मारपीट की और कट्टे से फायर कर दिया। गोली उसकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक अशोक सिंह पुत्र सुन्नी बघेल निवासी ग्राम खैरोली थाना बरासों शुक्रवार की शाम करीब छह बजे गौरा गांव के हार में सिद्धार्थ कुशवाह का खेत जोत रहा था। इसी दारम्यान ग्राम खरिका थाना भारौली निवासी सनी राजावत, श्यामू राजावत, लल्लन सिंह राजावत एवं रमेश राजावत वहां पहुंच गए। उन लोगों ने अशोक को खेत जोतने से रोका। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद होने लगा। बात बढ़ी तो सनी, श्यामू, लल्लन एवं रमेश राजावत ने एकराय होकर उसको गालियां दी और उसकी मारपीट कर दी। इसके बाद वह भागने लगा तो उन लोगों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कट्टे से फायर कर दिया। गोली उसकी पीठ में दाहिनी तरफ लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही उसके परिवारीजन मौके पर पहुंचे और अशोक को घायलावस्था में उपचार हेतु जिला अस्पताल भिण्ड लेकर पहुंचे। सूचना मिलते ही बरासों थाना पुलिस ने मामले की तफ्सीस करते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ भादवि की धारा 307, 323, 294, 506, 34 के तहत अपराध क्र.71/21 दर्ज कर विवेचना आरंभ कर दी है।