भिण्ड, 11 जनवरी। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री की पुण्यतिथि पर कांग्रेसजनों ने नगर कांग्रेस के अध्यक्ष संतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में नेतृत्व में ग्वालियर रोड स्थित शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर संतोष त्रिपाठी ने कहा पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री ने काशी विद्यापीठ से शास्त्री की उपाधि प्राप्त की। भारत की स्वतंत्रता के पश्चात शास्त्री को उत्तर प्रदेश के संसदीय सचिव के रूप में नियुक्त किया गया था। गोविन्द बल्लभ पंत के मंत्रिमण्डल में उन्हें पुलिस एवं परिवहन मंत्रालय सौंपा गया। परिवहन मंत्री के कार्यकाल में उन्होंने प्रथम बार महिला संवाहकों (कण्डक्टर्स) की नियुक्ति की थी। पुलिस मंत्री होने के बाद उन्होंने भीड को नियंत्रण में रखने के लिए लाठी की जगह पानी की बौछार का प्रयोग प्रारंभ कराया। 1951 में जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में वह अखिल भारत कांग्रेस कमेटी के महासचिव नियुक्त किए गए। उन्होंने 1952, 1957 व 1962 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी को भारी बहुमत से जिताने के लिए बहुत परिश्रम किया। उनके प्रधानमंत्री के कार्यकाल के दौरान 1965 के युद्ध में पाकिस्तान को हराया था। उन्होंने ही जय जवान जय किसान का नारा भी दिया था। इस अवसर पर महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा भदौरिया, पार्षद रामहेत शाक्य, रीना चौहान, कुलदीप भारद्वाज, दर्शन सिंह तोमर, अनूप शर्मा, मोहम्मद इरफान गम्मू, पवन चौरसिया, गोपाल सविता, हरिओम कटारे, सुखप्रीत मिश्रा, सुनील बघेल, प्रदीप भदौरिया, अवधेश सिंह, सुभाष, कुपाराम, विशाल, अरविंद आदि उपस्थित रहे।