प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति में मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्रियों ने शपथ

राज्यपाल पटेल ने डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री एवं जगदीश देवडा और राजेन्द्र शुक्ल को दिलाई उप मुख्यमंत्री पद की शपथ
मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में हुआ भव्य शपथ समारोह
केन्द्रीय मंत्री सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री हुए शामिल

भोपाल, 13 दिसम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामयी उपस्थिति में राज्यपा मंगुभाई पटेल ने बुधवार को राजधानी भोपाल के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह में डॉ. मोहन यादव को मुख्यमंत्री एवं जगदीश देवडा और राजेन्द्र शुक्ल को उप मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने नवनिर्वाचित विधायक, भारतीय जनता पार्टी के राज्य, संभाग, जिला और विकास खण्ड स्तर के सभी पदाधिकारी और लाखों की संख्या में कार्यकर्ता, स्वयंसेवक और आम नागरिक उपस्थित थे।

भव्य शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय सडक परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और केन्द्रीय नागरिक विमानन और इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तथा कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल हुए। समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मेघालय के मुख्यमंत्री कोंराड संगमा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडनवीस एवं अजीत पवार एवं नागालैण्ड के उप मुख्यमंत्री वाय. पैटन शामिल हुए। इसके साथ ही राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मप्र के भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पूर्व केन्द्रीय मंत्रीगण नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रहलाद पटेल, फग्गन सिंह कुलस्ते, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा एवं कैलाश विजयवर्गीय तथा बडी संख्या में जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ आरंभ हुए शपथ ग्रहण समारोह का संचालन मुख्य सचिव वीरा राणा ने किया। समारोह में देश के प्रमुख साधु संत भी सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में पूरे प्रदेश से आए बडी संख्या में आमजन ने उत्साह से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभिवादन किया। कार्यक्रम का समापन पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रगान की धुन के साथ हुआ।