वर्षा चौधरी अध्यक्ष तथा आरती भदौरिया सचिव मनोनीत
भिण्ड, 05 दिसम्बर। विश्व साहित्य सेवा संस्थान द्वारा एक साहित्यिक आयोजन में भिण्ड जिला इकाई की कार्यकारिणी घोषित की गई। संस्थान साहित्य और समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाला एक अंतर्राष्ट्रीय संगठन है। जिसका प्रधान कार्यालय चेन्नई तमिलनाडु तथा प्रशासनिक कार्यालय मुरैना मप्र में है। संगठन के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश के वरिष्ठ गीतकार डॉ. देवेंद्र तोमर मुरैना हैं। दुनिया के 10 देश में विश्व साहित्य सेवा संस्थान की शाखाएं हैं तथा भारत के 25 प्रांतों में यह संगठन कार्यरत है।
विगत दिवस विश्व साहित्य सेवा संस्थान के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र तोमर द्वारा भिण्ड की नवोदित साहित्यकार प्रियंका राजावत को ग्वालियर चंबल संभाग का संयोजक अध्यक्ष मनोनीत किया गया था तथा उनसे अपेक्षा की गई थी कि वह संभागीय अध्यक्ष की हैसियत से ग्वालियर-चंबल संभाग के समस्त जिलों में विश्व साहित्य सेवा संस्थान की इकाईयों का गठन करें। संभागीय अध्यक्ष प्रियंका राजावत ने अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए सर्वप्रथम भिण्ड जिला इकाई का प्रस्ताव विश्व साहित्य सेवा संस्थान की केन्द्रीय कार्यकारिणी को अनुमोदन के लिए भेजा, जिसे विश्व साहित्य सेवा संस्थान के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. तोमर ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है और प्रस्ताव के अनुसार विश्व साहित्य सेवा संस्थान की भिण्ड जिला इकाई में वर्षा चौधरी को अध्यक्ष, जन्नत जहां को उपाध्यक्ष, आरती भदौरिया को सचिव तथा आकाश शर्मा को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
संभागीय अध्यक्ष प्रियंका राजावत ने बताया कि शीघ्र अतिशीघ्र भिण्ड जिला इकाई का विस्तार किया जाएगा, जिसमें अन्य साहित्यकारों को भी जोडा जाएगा। इसी प्रकार ग्वालियर चंबल संभाग के अन्य जिलों में भी विश्व साहित्य सेवा संस्थान की इकाईयों का गठन किया जाएगा। भिण्ड जिला इकाई के गठन पर संस्थान के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र तोमर मुरैना, महासचिव डॉ. आर. कल्पना चेन्नई तमिलनाडु, उपाध्यक्ष डॉ. मधुबाला सिन्हा मोतीहारी बिहार, सुधा शर्मा मुंबई महाराष्ट्र तथा सचिव आभासिंह गाजियाबाद, राज फौजदार आगरा, तेजस्विता सुधा पटना बिहार, माधुरी द्विवेदी कानपुर उप्र आदि ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।