कार की टक्कर से वाइक सवार पति-पत्नि घायल

स्थानीय महिला ने गंभीर घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल

भिण्ड, 28 सितम्बर। मंगलवार को दोपहर दंदरौआ धाम जा रहे दंपत्ति की वाइक को अज्ञात स्विफ्ट कार ने मार दी, जिससे बाइक पर सवार पति-पत्नी घायल हो गई। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक मेहगांव के पास स्थित ग्राम गढ़ी निवासी नंदकिशोर शर्मा अपनी पत्नी नीतू के साथ मोटर साइकिल पर सवार होकर मंगलवार की सुबह दंदरौआ धाम जा रहे थे। जब वे मौ रोड पर गाता के आगे निकलकर अमायन मोड़ के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार के चालक ने वाहन को तेजी एवं लापरवाही से चलाते हुए कट मार दी, बाइक का संतुलन बिगडऩे पर वह दोनों सड़क पर गिर गए और दोनों घायल हो गए। बताया गया है कि नीतू को गंभीर चोट लगी है। सूचना के उपरांत घटना स्थल पर पहुंची 108 एम्बुलेंस के माध्यम से उन्हें उपचार हेतु मेहगांव के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती करा दिया है। जानकारी मिली है कि इस घटना के दौरान ग्राम पमारपुरा निवासी महिला रेखा पत्नी रामेश्वर जाटव वहां से गुजर रही थी। जब उसने इस घटना के बाद महिला को तड़पते देखा और उसे पता चला कि महिला गर्भ से है, तो उसने राहगीरों की मदद से 108 एम्बुलेंस को फोन किया और वाहन आने तक वह महिला की देखभाल करती रही। एम्बुलेंस आने के बाद रेखा जाटव घायल महिला के साथ मेहगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तक उसे इलाज हेतु भर्ती कराने स्वयं गई। इस सराहनीय कार्य के लिए महिला रेखा जाटव की प्रशंसा की जा रही है।