17 साल से फरार इनामी स्थाई वारंटी गिरफ्तार

ऊमरी थाना पुलिस ने भिण्ड शहर से पकडा आरोपी को

भिण्ड, 16 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव को निर्विघ्न रूप में संपन्न कराने हेतु जिले में फरारी, इनामी आरोपियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई के क्रम में सोमवार को ऊमरी थाना पुलिस ने 17 वर्ष से फरार पांच हजार के इनामी स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार ऊमरी थाना पुलिस को जरिए मुखबिर मिली सूचना के आधार पर भिण्ड शहर के दुर्गा कॉलोनी से बताए गए स्थान की घेराबंदी कर पुलिस बल ने वर्ष 2006 से फरार पांच हजार के इनामी स्थाई वारंटी विनोद पुत्र प्रताप सिंह राजावत उम्र 45 साल निवासी ग्राम नुन्हाटा हाल निवासी दुर्गा नगर भिंड को ऊमरी पुलिस ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। यहां बता दें कि न्यायालय जेएमएफसी भिण्ड के प्रकरण क्र.380/2006 धारा 13 जुआ एक्ट में थाना देहात से फरार स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर स्थाई वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश किया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी ऊमरी निरीक्षक रविन्द्र शर्मा, प्रधान आरक्षक आशीष तिवारी, आरक्षक धर्मपाल सिंह परिहार, अमित बघेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।