अटेर से कटारे, लहार से डॉ. गोविन्द, मेहगांव से राहुल को मिला टिकिट

कांग्रेस ने विधानसभा प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की

भिण्ड, 15 अक्टूबर। काफी दिनों के कयास और अटकलों के बाद मप्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपनी 144 प्रत्याशियों के नाम की पहली सूची जारी कर दी है।
सूची में भिण्ड जिले से तीन प्रत्याशियों की घोषणा की गई है, जिनमेे अटेर से पूर्व विधायक हेमंत कटारे को उम्मीदवार घोषित किया गया है, उधर लहार विधानसभा सीट से लगातार सात बार से अजेय रहे नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है। मेहगांव विधानसभा क्षेत्र से राहुल भदौरिया को टिकट दिया गया है।
जिले में मामा भांजे को टिकट
कांग्रेस की पहली 144 प्रत्याशियों की सूची में मामा भांजे को टिकट दिया गया है। लहार विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह को लहार से और उनके भांजे राहुल सिंह भदौरया को मेहगांव विधानसभा से प्रत्याशी घोषित किया गया है।
भिण्ड और गोहद में सस्पेंस
जिले की भिण्ड और गोहद विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने अभी भी सस्पेंस बरकरार रखा है। गोहद विधानसभा में भाजपा से पूर्व मंत्री लालसिंह आर्य को टिकट दिया जा चुका है, अटेर से मंत्री अरविंद भदौरिया और लहार से अम्बरीश शर्मा गुड्डू को भाजपा से टिकिट मिल चुका है, लेकिन भिण्ड से कांगे्रस और भाजपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं।