लोधी समाज सामाजिक समरसता को समाज के बीच पहुंचाए : विधायक

वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित

भिण्ड, 07 अक्टूबर। लोधी समाज सामाजिक समरसता को लोगों के बीच पहुंचाकर समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने के लिए जागरुक करे और वीरांगना अवंतीबाई के अनुकरणीय सिद्धांतों को समाज में पहुंचाकर उन्हें जागरुक बनाएं। यह बात शहर के वायपास स्थित लहार रोड तिराहे के पास पुलिस लाइन परिसर में वीरांगना अवंती बाई लोधी की प्रतिमा के अनावरण समारोह के दौरान विधायक संजीव सिंह कुशवाह संजू ने कही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खनिज विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष कोकसिंह नरवरिया ने कहा कि महारानी अवंती बाई के नाम से चौराहे का नामकरण पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती द्वारा घोषणा की गई थी और यह मांग पूरी हुई। उन्होंने बताया कि 27 लाख रुपए प्रतिमा के लिए सुरक्षित किए गए थे। हाईवे रोड के कारण यहां प्रतिमा स्थापित नहीं हो सकी अब इस प्रतिमा के लिए चौराहे के नाम से ही पुलिस लाइन में यह मूर्ति स्थापित की गई, जिसका अनावरण किया गया।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने कहा कि सन 1857 में जब देश में स्वतंत्रता संग्राम की लडाई छिडी थी उस समय उन्होंने समाज में क्रांति लाने के लिए राजाओं और प्रमुख जागीरदारों को पत्र के साथ-साथ चूडियां भी भिजवाईं। उस चिट्ठी में लिखा गया कि देश की रक्षा करने के लिए आप कमर कसलें या चूडी पहनकर घर बैठ जाएं, उन्होंने उसे पत्र के माध्यम से लोगों को जागृत किया कि आप सभी एकजुट होकर हमारे साथ युद्ध के लिए तैयार रहें। वीरांगना अवंती बाई ने अंग्रेजों से युद्ध करते-करते 1858 में उन्होंने अपने बलिदान इस देश के लिए न्यौछावर कर दिए।
विधायक प्रतिनिधि सुनील बाल्मिक ने स्वतंत्रता संग्राम की प्रणेता वीरांगना अवंतीबाई की प्रतिमा अनावरण अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन अभा लोधी क्षत्रिय महासभा के जिला महामंत्री एडवोकेट महेश सिंह नरवरिया और आभार पूर्व सरपंच ग्राम पंचायत लावन लालजीत सिंह नरवरिया ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पार्षद शैलेन्द्र रितोरिया, सरजन नरवरिया, भंवर सिंह नरवरिया, नवरंग सिंह नरवरिया, महेन्द्र सिंह चंदरपुरा, मधुराज सिंह नरवरिया, दिनेश मंगदपुरा, पानसिंह पूर्व सरपंच, अजय सिंह नरवरिया, दिग्विजय सिंह नरवरिया, मुकेश सिंह नरवरिया, सुल्तान सिंह नरवरिया सहित तमाम लोग मौजूद रहे।