एक माह पूर्व लिखा था पत्र, फिर भी नहीं हुई सफाई
भिण्ड, 30 सितम्बर। पितृपक्ष में तर्पण के लिए गोहद नगर तीन स्थान हैं, जिसमें विश्वनाथ घाट, बिरखड़ी गेट एवं वैशली जलाशय। यहां हर वर्ष पितृपक्ष में 15 दिन तक हिन्दू धर्म के लोग अपने पुरखों को पानी देने के लिए यहां पहुंचते हैं। सर्वप्रथम स्नान कर तर्पण किया जाता है। यहां इतनी गंदगी व्याप्त है कि लोग एक पल भी नहीं रुक सकते, सिर्फ वैशली जलाशय के पास ही पानी साफ है, जहां आप नहा कर मन को समझा सकते हैं।
लेकिन विश्वनाथ घाट एवं बिरखड़ी गेट स्थित घाट पर पानी इतना गंदा है कि पानी में हाथ डालने पर मन व्यथित हो जाए, लोगों को मजबूरन यहां लगे हैण्डपंप पर नहा कर तर्पण करना पड़ता है। वहीं घाट का फर्श उखड़ गया है, जगह-जगह कांटे उग आए हैं। दुर्गंध इतनी कि नाक फट जाए। इन घाटों पर सफाई के लि भाजपा नगर मण्डल अध्यक्ष विवेक जैन ने गोहद नगर पालिका को सफाई व्यवस्था के लिए पत्र लिखा, लेकिन इसके बाबजूद सफाई नहीं की गई। हिन्दू धर्म पितृपक्ष का विशेष महत्व है, इन दिनों में लोग अपने पुरखों को पानी पिलाते हैं तथा घर पर ब्राह्मण को भोजन कराते हैं, यह पितृपक्ष लोगों की आस्था व संस्कारों के निर्वहन है, लेकिन गोहद नगर पालिका द्वारा गोहद नगर के हिन्दू धर्म के लोगों की आस्था पर चोट की जा रही है।