भिण्ड, 28 सितम्बर। गणेश महोत्सव के चलते नगर में कई जगह गणपति बप्पा की प्रतिमाएं विराजमान की गई थीं। जिसकी पूजा अर्चना काफी धूम से हुई और नगर के लोगों ने भी इस उत्सव का भरपूर आनंद लिया। नगर में लगभग दर्जनभर से अधिक स्थानों पर गणपति बप्पा की प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। जो गुरुवार को विधिविधान से विसर्जित की गईं।
हिन्दुत्व का प्रतीक देते हुए नगर से दोपहर 12 बजे से प्रतिमाओं के निकलने का दौर शुरू हुआ और देर शाम तक चला। बप्पा की झांकियां सामूहिक रूप से नगर का भ्रमण करते हुए गगनभेदी जयकारों के साथ मां रहकोला देवी होते हुए मप्र-उप्र की सीमा से सटे ग्राम सलैया में धूमधाम के साथ सामूहिक रूप से विधिविधान से विसर्जित की गईं। नगर भ्रमण के दौरान नगर के लोगों ने गणपति बप्पा की झांकी के अंतिम दर्शन कर बप्पा को खुशी-खुशी विदा किया। विसर्जन के चलते दबोह पुलिस सतर्क रही। प्रतिमाओं के साथ पुलिसबल मौजूद रहा। साथ ही उप्र, मप्र की सीमा पर लगे सलैया घाट पर भी पुलिस मुस्तैद रही। जिससे बिना किसी हताहत के विसर्जन हुए। थाना प्रभारी परमानन्द शर्मा के नेतृत्व में दबोह पुलिस प्रशासन ने बेहतरीन पुलिसिंग व्यवस्था की। इस दौरान दबोह थाना पुलिस व तहसीलदार दबोह के साथ स्टाफ मौजूद रहा।