श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के साथ गौशाला का स्थापना दिवस मनाया

भिण्ड। आलमपुर कस्बे में विजय मंच के समीप संचालित श्रीकृष्ण गौशाला में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ गौशाला का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया।
ज्ञात हो कि आलमपुर कस्बे के युवाओं द्वारा विजय मंच के पास जन सहयोग से पिछले आठ वर्ष से श्रीकृष्ण गौशाला का संचालन किया जा रहा है। जिसमें गौ सेवकों द्वारा घायल एवं बीमार गायों का उपचार किया जाता है और उन्हें गौशाला में जब तक रखा जाता है। तब तक वह पूरी तरह से स्वस्थ्य न हो जाएं। आलमपुर कस्बे में संचालित गौशाला में कार्य करने वाले गौ सेवक इन आठ वर्षों में न जाने कितने गौवंश का इलाज कर उनकी जान बचा चुके हैं। नगर के युवाओं द्वारा नि:स्वार्थ भाव से जन सहयोग से संचालित श्रीकृष्ण गौशाला को स्थापित हुए जन्माष्टमी को आठ वर्ष पूर्ण चुके हैं। इसी को लेकर गौ सेवकों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर गौशाला का स्थापना दिवस मनाया गया। जिसमें नगर परिषद अध्यक्ष महताब सिंह कौरव, नगर निरीक्षक अनीता मिश्रा, विजय बहादुर सिंह चौहान, राजकुमार पाण्डेय, मोनू महाजन, शंकर सोनी, श्रीराम दुवे, बल्लन कुदरिया सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं गौ सेवक उपस्थित थे।

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी एवं गौशाला के स्थापना दिवस के अवसर पर गौ सेवकों द्वारा गौशाला को आकर्षक रूप से सजाकर भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी लगाई गई। इसके पश्चात पं. ब्रजेश पाण्डेय द्वारा पूर्ण विधि विधान के साथ हवन पूजन एवं गौ पूजन का कार्यक्रम आयोजित कराया गया और कार्यक्रम के अंत में सभी को प्रसाद वितरण किया गया। आलमपुर कस्बे में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार कई घरों में बुधवार को ही मना लिया गया था। तो वहीं अनेक घरों में गुरुवार को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भक्तिभाव के साथ धूमधाम से मनाया गया है।