मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने लहार के कार्यकर्ताओं से कहा- मैं आ रहा हूं, किसी भी कार्यकर्ता को प्रताडि़त नहीं होने दिया जाएगा

लहार में भाजपा नेता होंगे एकजुट, मिशन 2023 के चुनाव में लहार होगी कांग्रेस मुक्त
मुख्यमंत्री चौहान एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा सहित कई राष्ट्रीय प्रदेश की हस्तियां जून में लहर में होंगी बड़े कार्यक्रम में शामिल

भिण्ड, 19 मई। मिशन 2023 के विधानसभा चुनाव का समय आ रहा है, भारतीय जनता पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में एकजुट होने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सीएम हाउस भोपाल में देर रात तक चली महत्वपूर्ण बैठक में लहार की रणनीति पर गहरा चिंतन किया। जिसमें पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व ने लहार के प्रति अपना सुझाव मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितनंद शर्मा के समक्ष रखें। जिस पर गहरा विचार भी किया गया, सभी नेता और कार्यकर्ताओं को एकजुट होने के लिए कहा गया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे बूथ संकल्प अभियान एवं बूथ सशक्तिकरण को लेकर लहार क्षेत्र में आकांक्षी विधानसभा प्रभारी एवं मप्र हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष व पूर्व संगठन महामंत्री आशुतोष तिवारी, चंबल संभाग के प्रभारी, पूर्व मंत्री व विधायक हरिशंकर खटीक, चंबल संभाग के विस्तार चंद्रशेखर झा, जिला संगठन प्रभारी एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जयप्रकाश राजौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, लहार के पूर्व विधायक रसाल सिंह, मथुरा प्रसाद महंत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक चौधरी, रोमेश महंत, अम्बरीश शर्मा गुड्डू तथा लहार क्षेत्र के सभी कार्यकर्ता एवं मण्डल अध्यक्षों ने संपूर्ण विधानसभा के बूथ केन्द्रों पर जाकर संगठन को गति प्रदान करने के लिए अपना प्रयास किया। इससे भारतीय जनता पार्टी लहार क्षेत्र में स्वागत बनकर उभर कर सामने आई है और सब नेता एकजुट हो गए, कांग्रेस के किले को पूर्ण रूप से ध्वस्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी का परचम फहराने के लिए उन्होंने अपनी कमर कस ली है।
अभेद किले को ढहाने के लिए स्वयं मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से पूर्व विधायक रसाल सिंह एवं पार्टी जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया ने लहार में आने के लिए उन्हें आमंत्रित किया। इन राजनीतिक हस्तियों ने लहार में मोर्चा संभालने का निर्णय लिया है और वह इसी तैयारी में जुट गए हैं। अगले माह जून में लहार में विशाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां भी शीघ्र प्रारंभ करने के लिए भारतीय जनता पार्टी जिला एवं मण्डल स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक आयोजित करेगी।
मप्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितनंद शर्मा से मिलकर लहार के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में नई ऊर्जा जाग्रत हुई है और उत्साह के साथ लहार की में होने वाले मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारी के लिए जुड़ेंगे। पूरी निष्ठा एवं समर्पण भाव भी देखने को मिला है। जिस प्रकार कांग्रेस की दिग्विजय सिंह और कमलनाथ की सरकार में लहार क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को झूठे केस, कांग्रेस नेताओं के इशारे पर काम कर रहे प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा प्रताडि़त किया जाता रहा, अपरहण, लूट, डकैती और चोरी की घटनाएं बढ़ती गई। स्थानीय पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने अपनी आवाज को हमेशा लहार की सडक़ों पर बुलंद रखते कार्यकर्ता और जनता का साथ देकर उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। मुख्यमंत्री चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने लहर के कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि हमारा प्रत्याशी कमल का फूल होगा, उसके मान और सम्मान में हम सब एकजुट होकर आगामी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को जीता कर लहार के विकास को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भाजपा की सरकार बनाने में अपना सहयोग प्रदान करें और लहार से भाजपा का विधायक बनेगा तो जनता के बीच रहकर जन सेवा भाव से कार्य करेगा। लक्ष्य हमारा एक ही होना चाहिए कि हम अपने बूथ को किस तरह जिता पाएं, कार्यकर्ता इसकी अभी से ही बूथ मेनेजमेंट की तैयारी में लगें। लहार विधानसभा से विशाल कार्यक्रम के दौरान ग्वालियर-चंबल संभाग की सभी विधानसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी का परचम फहरे का यह संदेश सर्व समाज की जनता में पहुंचेगा।