नौ दिवसीय श्रीराम महायज्ञ की तैयारियां जोरों पर, 21 से ग्राम कुरथर में प्रारंभ होगा 108 कुण्डीय यज्ञ

29 मई को जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज होंगे सम्मिलित

भिण्ड, 17 मई। जिले के कस्बा दबोह से कुछ दूरी पर स्थित ग्राम कुरथर में कुंअर बाबा आश्रम पर श्रीश्री 1008 शिवदास त्यागी महाराज बाबड़ा सरकार कुरथर के मार्गदर्शन में 108 कुण्डीय नव दिवसीय श्रीराम महायज्ञ होने जा रहा है। जिसकी तैयारी इन दिनों क्षेत्र व ग्रामवासियों द्वारा जोर शोर के साथ की जा रही है। फिलहाल यज्ञशाला व वेदियों के साथ-साथ श्रीराम कथा के मंच का कार्य लगभग पूर्ण कर लिया गया है।

कुंअर बाबा आश्रम के महंत त्यागी जी एवं श्रीराम महायज्ञ समिति के सदस्य, कौरव समाज के अध्यक्ष मलखान सिंह कौरव तथा सीताराम कौरव (केशरी) ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि यह यज्ञ हमारे ग्राम के आश्रम पर ठहरे हुए श्रीश्री 1008 शिवदास त्यागी महाराज बाबड़ा सरकार कुरथर की मंशानुसार कराया जा रहा है। महाराज ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम का मन्दिर बन रहा है, उनका मन्दिर पूर्ण होने के पहले हमें अपने आश्रम पर एक श्रीराम महायज्ञ कराने का मन है। महाराज की बात सुनकर हम सभी ने यज्ञ के लिए क्षेत्र के ग्रामों में भ्रमण कर सहयोग मांगा, भगवान की कृपा से हमें सभी क्षेत्रीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला तो हम सब ने मिलकर इस आयोजन की नींव रख दी और अब इसकी तैयारियां लगभग पूर्ण होने को हैं। हमारी समिति द्वारा जगद्गुरू रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज को भी आमंत्रित किया गया, जो 29 मई को इस यज्ञ में पधारेंगे। इस बीच आस-पास क्षेत्र के संत-महात्मा भी यज्ञ में आते-जाते रहेंगे। वहीं राजनीतिक क्षेत्र में कार्यरत सभी दलों के व्यक्तियों को भी हमारी समिति की ओर से बुलाने का प्रयास किया जाएगा। जिसमें हमारे क्षेत्रीय नेता एवं मप्र के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविन्द सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा सहित अन्य कई नेताओं के आने की संभावना है। यज्ञ के दौरान सातों दिन तुलसी पीठ के उत्तराधिकारी आचार्य रामचन्द्र दास (जय महाराजजी) के मुखारविंद से श्रृद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान कराया जाएगा एवं दंदरौआ सरकार व मिहोनी माता के कृपा पात्र पं. रविन्द्र शास्त्री (नाटी महाराज) द्वारा शतचण्डी पाठ किया जाएगा, यज्ञ के प्रधान परीक्षित मालती रविन्द्र कौरव कुरथर, श्रीराम कथा परीक्षित विद्या चतुर सिंह कौरव कुरथर, शतचण्डी पाठ परीक्षित मालती लल्लू झा कुरथर हैं। इस महायज्ञ की कलश यात्रा 21 मई को सुबह नौ बजे कुंवर बाबा के स्थान से रवाना होगी, जो मां जगतजननी रणकौशला की बाबड़ी से जल भरेगी। इस कलश यात्रा का रास्ते में कई जगह स्वागत किया जाएगा। इस महायज्ञ के नित्य कार्यक्रमों में सुबह आठ बजे से 12 बजे तक यज्ञ हवन, दोपहर 12 बजे से 2:30 तक प्रवचन, 2:30 से शाम छह बजे तक श्रीराम कथा, शाम सात बजे से प्रतिदिन देर रात तक भण्डारे की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही रात्रि नौ बजे से रामचरित मानस (रामलीला) का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर महायज्ञ के पदाधिकारियों में जसवंत सिंह कौरव नन्ना, पंचम सिंह कौरव, कल्याण सिंह कौरव आदि मौजूद रहे।